सुपौल में पुलिस की गाड़ी ने दिव्यांग को मारी टक्कर, मौत से परिवार में मातम

सुपौल। सुपौल में पुलिस गाड़ी की ठोकर से 35 वर्षीय दिव्यांग की मौत हो गई। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मृतक की पहचान निर्मली वार्ड-1 निवासी विनोद राम के रूप में हुई है। जो चल नहीं पाते थे। एनएच-327 ई मुख्य सड़क के किनारे किराना की दुकान चलाते थे। घर के इकलौते कमाने वाले थे। वे गुरुवार करीब 9 बजे दुकान के पास बैठे थे, इसी दौरान पुलिस के वाहन ने ठोकर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को घेर लिया। पुलिस ने जख्मी को सदर अस्पताल पहुंचाया और वहां से निकल गई। देर रात जख्मी की मौत हो गई। उनके दो बच्चे हैं। घटना पिपरा थाना क्षेत्र की है। मृतक विनोद राम की शादी 4 साल पहले ही पिपरा थाना क्षेत्र के जोलानिया निवासी पूनम देवी के साथ हुई थी। 3 साल की बेटी ज्योति कुमारी और 9 माह का बेटा अंकज कुमार है। मृतक की मां गुलाब देवी ने कहा कि इकलौते बेटे के सहारे परिवार चल रहा था। अब किसके सहारे जिऊंगी। पुलिस की गाड़ी की ठोकर से विनोद की मौत हुई है। सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. चंदन कुमार ने कहा कि पुलिस ने एक जख्मी को इलाज के लिए एडमिट कराया था। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पिपरा थाना अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने कहा कि एक बोलेरो गाड़ी की ठोकर से जख्मी दिव्यांग की मौत हुई है। गाड़ी पर पुलिस लिखा था। किस थाना क्षेत्र की पुलिस गाड़ी है। इसका पता किया जा रहा है। गाड़ी के नंबर प्लेट से गाड़ी कटिहार जिले की प्रतीत हो रही है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

About Post Author