पीएम किसान सम्मान निधि योजना : बिहार के 83,53,270 किसानों के खाते में 16,70,65,40,000 रुपए किया गया अंतरण

  • कृषि मंत्री बोले- प्राकृतिक खाद का इस्तेमाल करें किसान, जताया प्रधानमंत्री का आभार

फुलवारी शरीफ। बिहार सरकार के कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि आज केमिकल युक्त खाद के प्रयोग से खेतों की उर्वरा शक्ति नष्ट हो रही है। वहीं कीटनाशक एवं केमिकल युक्त खाद के प्रयोग से उत्पादन जहरीला होता जा रहा है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि ज्यादा से ज्यादा प्राकृतिक और जैविक खाद व कीटनाशकों का इस्तेमाल करें। कृषि मंत्री शनिवार को पटना के बामेती सभागार में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे। उक्त कार्यक्रम प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की राशि किसानों के खातों में भेजे जाने के मौके पर आयोजित किया गया था। इस मौके पर वेब कास्टिंग के जरिए कृषि मंत्री और कृषि पदाधिकारियों सहित अन्य ने प्रधानमंत्री का भाषण भी सुना।
इस मौके पर कृषि मंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत वेब कास्टिंग के माध्यम से देश के 10 करोड़ से अधिक लाभार्थी किसानों के खाते में अगली किस्त के रूप में 20,000 करोड़ रुपए से अधिक की राशि हस्तांतरित किया गया। मंत्री ने कहा कि कृषि में तरह-तरह की रासायनिक खादों व कीटनाशकों का प्रयोग हो रहा है, जिसके फलस्वरूप जैविक और अजैविक पदार्थों के चक्र का संतुलन बिगड़ता जा रहा है और वातावरण प्रदूषित होकर मानव जाति के स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है। अब हम रसायनिक खादों, जहरीले कीटनाशकों के उपयोग के स्थान पर जैविक खादों एवं दवाईयों का उपयोग कर अधिक से अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं, जिससे भूमि, जल एवं वातावरण शुद्ध रहेगा और मनुष्य एवं प्रत्येक जीवधारी स्वस्थ रहेंगे।
कृषि मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत बिहार के 83,53,270 लाभार्थी किसानों के बैंक खाते में 16,70,65,40,000 रुपए अंतरित किये गये। कृषि मंत्री ने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान निधि (पीएम-किसान) देश के सभी रैयत किसानों के परिवारों को आय सहायता प्रदान करने की दृष्टि से केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित योजना है। योजना का मुख्य लक्ष्य किसानों की आय दुगनी करने की भारत सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

You may have missed