‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक वर्ष पूरे, प्रधानमंत्री बोले- आतंकवाद के खिलाफ भारत का संकल्प अडिग

  • प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और रक्षा मंत्री समेत कई नेताओं ने वीर जवानों को किया नमन
  • पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में चलाया गया था सैन्य अभियान, पाकिस्तान स्थित ठिकाने बने थे निशाना

नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को आज एक वर्ष पूरा हो गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने देश की सशस्त्र सेनाओं के साहस और पराक्रम को नमन किया। सोशल मीडिया मंचों पर नेताओं ने अपनी प्रोफाइल तस्वीर बदलकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जुड़ी तस्वीर लगाई और इसे आतंकवाद के खिलाफ भारत के निर्णायक संकल्प का प्रतीक बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर कहा कि एक वर्ष बाद भी भारत आतंकवाद और उसे समर्थन देने वाले पूरे तंत्र को समाप्त करने के अपने संकल्प पर पूरी मजबूती के साथ कायम है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की कठोर प्रतिक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के प्रति देश की अटूट प्रतिबद्धता को दुनिया के सामने स्पष्ट किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने इस अभियान के दौरान अदम्य साहस, सटीक रणनीति और मजबूत समन्वय का परिचय दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अभियान उन आतंकियों और उनके समर्थकों के लिए स्पष्ट संदेश था, जिन्होंने पहलगाम में निर्दोष भारतीय नागरिकों पर हमला करने की हिमाकत की थी। उन्होंने कहा कि पूरा देश अपने वीर जवानों की बहादुरी को सलाम करता है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि इस अभियान ने देश की रक्षा व्यवस्था में आत्मनिर्भरता की दिशा में हुई प्रगति को भी प्रदर्शित किया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को भारत का युगांतरकारी सैन्य अभियान बताया। उन्होंने कहा कि यह अभियान दुश्मनों को भारतीय सेनाओं की अचूक मारक क्षमता की याद हमेशा दिलाता रहेगा। शाह ने कहा कि इतिहास इस दिन को सटीक सैन्य कार्रवाई, मजबूत खुफिया जानकारी और दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति के अद्वितीय समन्वय के रूप में याद रखेगा। उन्होंने कहा कि भारत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देश के खिलाफ षड्यंत्र रचने वालों को कहीं भी सुरक्षित पनाह नहीं मिलेगी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने संदेश में कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत की नई रणनीतिक सोच और निर्णायक कार्रवाई का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि जिन आतंकियों ने भारत की माताओं और बहनों का सिंदूर उजाड़ने की कोशिश की थी, उन्हें भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि नया भारत हर अन्याय का निर्णायक उत्तर देना जानता है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस अभियान को राष्ट्रीय संकल्प और तत्परता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि जब भी देश को आवश्यकता होती है, भारतीय सशस्त्र बल निर्णायक कार्रवाई के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत की बढ़ती आत्मनिर्भर रक्षा क्षमता का प्रमाण है, जिसने देश की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। गौरतलब है कि यह सैन्य अभियान 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में चलाया गया था। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें अधिकांश पर्यटक थे। आतंकियों ने हमले से पहले पीड़ितों से उनके धर्म के बारे में पूछताछ की थी, जिससे पूरे देश में भारी आक्रोश फैल गया था। इसके बाद भारतीय सेना, वायु सेना और नौसेना ने सीमा सुरक्षा बल के साथ मिलकर 7 से 10 मई 2025 के बीच पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में स्थित कई आतंकी और सैन्य ठिकानों पर संयुक्त कार्रवाई की थी। इस अभियान को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया। भारतीय सुरक्षा बलों ने अत्यंत सटीक और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आतंकवादी ढांचे को गंभीर क्षति पहुंचाई थी। एक वर्ष बाद भी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ देश की सुरक्षा नीति और आतंकवाद के खिलाफ कठोर रुख का प्रतीक बना हुआ है। यह अभियान न केवल सैन्य शक्ति का प्रदर्शन था, बल्कि यह संदेश भी था कि भारत अपनी संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।

You may have missed