PATNA : राजधानी के सभी थानों में लगेंगी 10 मोस्ट वांटेड अपराधियों की तस्वीरें, फाइलों में सिमटी परंपरा होगी खत्म

पटना। राजधानी के हर थाने में 10 मोस्टवांटेड की तस्वीरें लगेंगी। थाने के बोर्ड पर इसे लगाया जायेगा। तस्वीर के नीचे अपराधी का नाम-पता, उसपर कितने मामले दर्ज हैं और उसके बारे में अन्य जानकारियां रहेंगी। इस संबध में एसएसपी डॉ. मानवजीत सिंह ढिल्लो ने बताया कि जल्द से जल्द इस टास्क को पूरा करने के निर्देश जिले के सभी थानेदारों को दिये गये हैं। इधर, एसएसपी के आदेश के बाद थानेदारों ने अपने इलाके के मोस्टवांटेड की लिस्ट बनानी शुरू कर दी है। सभी की तस्वीर से लेकर अन्य जानकारियां इकह्वा की जा रही हैं। जल्द ही प्रत्येक अनुमंडल के वांटेड की सूची भी बनायी जायेगी। इसके अलावा एसएसपी ने कहा है कि इन मोस्टवांटेड की गिरफ्तारी भी जल्द से जल्द थानेदारों को करनी होगी। साथ ही पुराने मामलों में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश भी पुलिस कप्तान ने दिये हैं।
थाने में तस्वीरें नीचे होंगी संबंधित जानकारियां, पुलिस का काम होगा आसान
जानकारी के मुताबिक, राजधानी पटना के हरेक थाने में वहां के मोस्टवांटेड की सूची फोटो के साथ लगाने से पुलिस का काम आसान होगा। कई बार थाने में जाने वाले आमलोगों को भी नहीं पता होता कि उनके आसपास कोई अपराधी छिपकर रह रहा है। ऐसे में अगर लोगों की नजर अपराधियों की तस्वीर पर पड़ेगी तो वे उसे पहचान लेंगे, जिससे पुलिस को खबर मिलेगी। इससे पुलिस का आसूचना तंत्र मजबूत होगा। वहीं थाने में तस्वीर सार्वजनिक रूप से सूची पर लगने के कारण अपराधियों का मनोबल भी घटेगा। वही इस सूची में गंभीर केस के आरोपितों का नाम भी होगा। जैसे हत्या, लूट, अपहरण, चोरी जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों की तस्वीर और उनके बारे में जानकारी सबसे पहले सूची में लगायी जायेगी। जानकारी के अनुसार, कई वर्ष पहले हरेक थाने में वहां के कुख्यातों की तस्वीर लगायी जाती थी। लेकिन वक्त बीतने के साथ ही यह परंपरा टूट गई। तस्वीर व उनके बारे में जानकारी सिर्फ थानों की फाइलों में ही सिमट कर रह गयी थी।

About Post Author