चर्चित जमीन कारोबारी टुनटुन यादव गिरफ्तार, प्रॉपर्टी डीलिंग कार्यालय से 12 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद..दीघा के आर्म्स एक्ट मामले में विशेष टीम ने नदवां के पास दबोचा,बेउर कार्यालय पर छापेमारी में मिली शराब

पटना/फुलवारी शरीफ।(अजीत)पटना पुलिस की विशेष टीम ने बुधवार को चर्चित जमीन कारोबारी टुनटुन यादव को दीघा थाना में दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसे मसौढ़ी प्रखंड के नदवां गांव के पास उस समय दबोचा, जब वह गया से पटना लौट रहा था. गिरफ्तारी के बाद उसे बेउर थाना लाया गया, जहां पूछताछ के उपरांत उसके बेउर स्थित प्रॉपर्टी डीलिंग कार्यालय में छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान कार्यालय से विभिन्न विदेशी ब्रांड की 12 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई. पुलिस ने शराब जब्त कर उत्पाद अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पूर्व दीघा थाना क्षेत्र में टुनटुन यादव अपने सहयोगियों के साथ हथियारों के बल पर एक जमीन पर कब्जा करने पहुंचा था. इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामला दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था.

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टुनटुन यादव अपनी बुलेटप्रूफ फॉर्च्यूनर से गया से पटना लौट रहा है. सूचना मिलते ही विशेष टीम ने नदवां गांव के समीप घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद पुलिस उसे सीधे बेउर थाना लेकर पहुंची और पूछताछ के बाद उसके कार्यालय की तलाशी ली.

छापेमारी के दौरान बेउर थाना क्षेत्र स्थित चर्चित प्रॉपर्टी डीलिंग कार्यालय से 12 बोतल विदेशी ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई. पुलिस का कहना है कि आरोपी के कार्यालय में शराब रखे जाने की सूचना पहले से मिल रही थी. बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और उत्पाद अधिनियम के तहत अलग प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके सहयोगियों, हथियारों तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है.

टुनटुन यादव लंबे समय से जमीन कारोबार को लेकर चर्चा में रहा है. इलाके में उसे रॉबिन हुड स्टाइल के जमीन कारोबारी के रूप में भी जाना जाता है. करीब चार वर्ष पूर्व उसकी हत्या के लिए दो करोड़ रुपये की सुपारी दिए जाने की चर्चा हुई थी. उसी दौरान उसके बेउर स्थित कार्यालय पर कार्बाइन सहित अत्याधुनिक हथियारों से सैकड़ों राउंड फायरिंग हुई थी, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे तथा एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. इस घटना के बाद से उसकी सुरक्षा को लेकर लगातार चर्चा होती रही.

सूत्रों के अनुसार, कुछ माह पूर्व भी उसकी हत्या की साजिश रचे जाने और शूटरों द्वारा लगातार रेकी किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी. पुलिस की सक्रियता के कारण उस समय कोई बड़ी वारदात नहीं हो सकी थी. टुनटुन यादव की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है. उसके कार्यालय और आसपास के इलाके पर भी पुलिस लगातार नजर बनाए हुए थी, ताकि किसी भी आपराधिक गिरोह द्वारा फिर से बड़ी घटना को अंजाम न दिया जा सके.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और टुनटुन यादव के आपराधिक नेटवर्क, जमीन कारोबार तथा उसके सहयोगियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है.

You may have missed