विशेष छापामारी अभियान में पटना पुलिस को मिली सफलता, कोढा गैंग के प्रमुख सदस्य समेत चार गिरफ्तार

बाढ़। सहायक पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह के नेतृत्व में मोकामा, बाढ़ और पंडारक थाना क्षेत्रों में सघन छापामारी अभियान चलाया गया। छापामारी अभियान में बाढ़ इंस्पेक्टर संजीत कुमार सिंह, मोकामा इंस्पेक्टर राजनंदन, एनटीपीसी थानाध्यक्ष ऋतुराज सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। मोकामा थाना क्षेत्र के अपराधी पप्पू राय के मेकरा में छिपे होने की सूचना पर छापामारी कर उसे गिरफ्तार किया गया। हत्या के तीन मामलों में वह फरार था। कई मामलों में उसके खिलाफ पुलिस चार्जशीट भी कर चुकी है। मोकामा थाना में दर्ज हत्या और अपहरण के दो मामलों में वह पिछले चार सालों से वांछित था मेकरा में छापामारी कर उसे गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर अंग्रेजी शराब की 98 बोतलें बरामद की गई।

कोढ़ा गैंग का प्रमुख सदस्य गिरफ्तार

इसके अलावा बाढ़ थाना क्षेत्र में बैंक से पैसा निकाल कर जाने वाले ग्राहकों के साथ छिनतई और लूट की वारदात करने वाले कोढ़ा गैंग के प्रमुख सदस्य को गिरफ्तार किया गया। बाढ़ थाना की कार्रवाई के दौरान पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र का रहने वाला जय मिश्रा को गिरफ्तार किया गया। वह बैंकों में रहकर ग्राहकों पर नजर रखता था और रेकी करने के बाद गिरोह के दूसरे सदस्यों को जानकारी देता था। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार जय मिश्रा बैंक में ग्राहकों की गतिविधियों पर नजर रखकर पैसे निकाल कर ले जाने वाले ग्राहकों के बारे में सूचना देकर छिनतई कराता था। कई मामलों में उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इसके पास से चोरी की बाइक भी बरामद की गई है।

इसके अलावा बाढ़ थाना क्षेत्र के पुराई बाग निवासी सोहन यादव तथा पंडारक थाना क्षेत्र के माणिकपुर निवासी प्रवीण कुमार को बाढ़ थाना द्वारा गिरफ्तार किया गया। सोहन कुमार के पास से 5 लीटर शराब बरामद की गई। प्रवीण कुमार को भी शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया।

About Post Author

You may have missed