February 6, 2025

गणतंत्र दिवस पर अलर्ट रहेगी पटना पुलिस, गड़बड़ करने वालों की खैर नहीं, सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी

पटना। गणतंत्र दिवस समारोह-2025 के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए बिहार पुलिस द्वारा विशेष तैयारी की गई है। बिहार पुलिस ने बुधवार को बताया कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य के सभी जिलों में कई स्थानों पर विशेष समारोह आयोजित किये जाने हैं। इन समारोहों में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों सहित काफी अधिक संख्या में आम नागरिक भी उपस्थित होते है। गणतंत्र दिवस के इन समारोहों के सुरक्षित आयोजन को लेकर बिहार पुलिस सजग है। गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था के सफल संधारण को सुनिश्चित करने हेतु बिहार पुलिस मुख्यालय के विधि व्यवस्था प्रभाग द्वारा सभी पुलिस क्षेत्रों / जिलों के क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक/उप-महानिरीक्षक / वरीय पुलिस अधीक्षक / पुलिस अधीक्षक (रेल सहित) एवं पुलिस मुख्यालय के संबंधित प्रभागों / इकाईयों के वरीय पदाधिकारियों को विभिन्न बिन्दुओं पर व्यापक दिशा-निर्देश निर्गत किए गए हैं। समारोह स्थल पर दर्शक दीर्घा में उपस्थित व्यक्तियों तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधि पर निगरानी रखने हेतु पर्याप्त संख्या में सादे लिबास में पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति होगी। वही समारोह स्थल पर आने वाली महिलाओं की गतिविधि पर निगरानी रखने हेतु पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति रहेगी। समारोह से पूर्व होटल, सराय, धर्मशाला आदि की गहन जाँच। रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड, टेम्पू स्टैण्ड, सिनेमा हॉल सहित अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी होगी। साथ ही जिला के अन्तर्गत वाहनों एवं जिला के सीमाओं पर भी वाहनों की गहन जाँच होगी। इसके साथ ही मुख्य समारोह स्थल एवं के समीप झंडोतोलन मंच, वीआईपी दीर्घा, दर्शक दीर्घा सहित पूरे संबंधित स्थल का सुरक्षा के दृष्टिकोण से भौतिक रूप से गहन करना होगा। रेलवे स्टेशन, रेलवे ट्रैक आदि की सुरक्षा हेतु असामाजिक तत्वों की गतिविधि की निगरानी एवं आवश्यक सुरक्षात्मक कार्रवाई करना। संदिग्ध रेल यात्रियों की गतिविधि पर निगरानी होगी। असामाजिक तत्वों की गतिविधि पर भौतिक एवं सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रहेगी।

You may have missed