September 12, 2026

PATNA : वर पक्ष के घर उपहार का सामान लेकर पहुंचे वधु के पिता के दोस्त को बंधक बना पीटा, शिकायत दर्ज

फतुहा। मंगलवार को पटना के फतुहा प्रखंड अंतर्गत दोस्त मोहम्मदपुर गांव में वर पक्ष के घर उपहार का सामान लेकर पहुंचे वधु के पिता के दोस्त को असमाजिक तत्व के लोगों द्वारा बंधक बनाकर पीटा गया। पीड़ित का चश्मा भी तोड़ डाला तथा उसके पास से पांच हजार रुपये भी छीन लिए। सूचना मिलने पर वधु के पिता घटनास्थल पर पहुंचे तथा पीड़ित को बचाकर जब घर की ओर ले जाने लगे तो असमाजिक तत्व के लोगों ने पुन: हमला कर उसे चोटिल कर दिया। इस संदर्भ में पीड़ित बाढ़ के गुलाबबाग निवासी मोहम्मद रहमत ने असामाजिक तत्व के लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करायी है। बताया जाता है कि बीते सोमवार को दोस्त मोहम्मदपुर गांव से बाढ़ बारात गयी थी। शादी समाप्त होने के बाद वधु के पिता के अनुरोध पर पीड़ित मोहम्मद रहमत उपहार के सामान को लेकर एक वाहन से दोस्त मोहम्मदपुर गांव पहुंचे। सामान उतारने की तैयारी चल ही रही थी कि गांव के असमाजिक तत्व के लोग वहां पहुंचकर उसे बंधक बना लिया तथा एक बगीचे में ले जाकर पेड़ से बांध दिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

You may have missed