September 12, 2026

फतुहा : नगर प्रशासन का दावा हुआ फेल, घाटों को दुरुस्त करने के लिए स्वयंसेवी संस्था ने संभाली कमान

फतुहा। छठ महापर्व की पारंपरिक विधि-विधान शुरू हो गई। बुधवार को नहाय खाय है। लेकिन नगर परिषद क्षेत्र के कई घाटों का हाल बदहाल है। कहीं दलदल है तो कहीं खड़ी ढलान है। गंदगी का भी अंबार लगे हैं। नगर प्रशासन ने कुछ दिन पहले बदहाल घाटों की स्थिति सुधारने का दावा किया था, लेकिन उसके दावे छठ पूजा के शुरूआत होते-होते खोखला साबित हुआ है। शहर के प्रसिद्ध मस्ताना घाट बदहाली का पूर्णत: शिकार है। लेकिन अभी तक न तो प्रशासन के अधिकारियों द्वारा न तो निरीक्षण किया गया और न ही काम लगा कर सुधारा गया। नतीजा यह है कि नहाय-खाय के शुरूआत के साथ घाट की स्थिति दयनीय है। यदि इस घाट को सुधारा नहीं गया तो अर्घ्य के समय लगने वाली भीड़ के साथ कुछ भी अनहोनी हो सकती है। प्रशासन के उदासीन रवैये को देखते हुए स्वयंसेवी संस्थाओं ने छठ घाट की बदहाल स्थिति को सुधारने का कमान संभाल लिया है। स्वयंसेवी लोगों ने स्थानीय मौनिया घाट को दुरुस्त करने में लगे हैं। वहीं मंगलवार को दरियापुर स्थित कटैया घाट पर भी स्वयंसेवी लोगों ने साफ सफाई अभियान की शुरूआत कर दिया है।

You may have missed