September 14, 2026

PATNA : बख्तियारपुर में जीप का ब्रेक हुआ फेल, टेम्पो से टकरायी, 8 यात्री घायल

बख्तियारपुर। पटना के बख्तियारपुर में पीपा पुल के पास एक जीप ने आगे जा रहे एक टेम्पो को जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे जीप में सवार 8 लोग घायल हो गए। हादसा में दोनों गाड़ियां टक्कर के बाद पलट गईं और कई लोग गाड़ी के अंदर दब गए। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और मदद से तत्काल गाड़ी के अंदर से लोगों को निकाला गया, जिसके कारण कई लोगों की जान बची। हादसे में गंभीर दो युवकों को इलाज के लिए पटना भेज दिया गया है। घायलों में हरदासपुर निवासी रामप्रीत महतो, सोनू कुमार, प्रमिला देवी, रीना देवी, जगन्नाथ महतो, राजेन्द्र महतो, शत्रुघ्न महतो समेत आठ लोग शामिल बताए जाते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, जीप पर सवार यात्री बख्तियारपुर से हरदासपुर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक जीप का ब्रेक फेल हो गया। ड्राइवर ने ब्रेक लगाने की हरसंभव कोशिश की लेकिन ब्रेक नहीं लग सका, जिसके कारण आगे जा रहे एक टेम्पो से जीप टकरा गयी और मौके पर ही जीप-टेम्पो दोनों पलट गए। घटनास्थल पर मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और गाड़ी के अंदर दबे घायलों को तुरंत बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए भेज दिया। घायलों में दो की हालत गंभीर बतायी जाती है। दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना भेज दिया गया है।

You may have missed