PATNA : प्रदेश में अगले 9 दिनों तक प्रचंड गर्मी से राहत नही, 12 जून को तेज हवा के साथ आयेगा मानसून

पटना। बिहार में अभी 9 दिन तक गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। 12 जून तक ऐसे ही उमस वाली गर्मी होगी। मौसम विभाग ने आने वाले 48 घंटे में गर्मी को लेकर अलर्ट किया है। इस दौरान राज्य के एक दो इलाकों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन इसके बाद भी गर्मी कम नहीं होगी। राज्य में मानसून के समय से पहले आने का पूर्वानुमान है, ऐसे में 12 जून तक मौसम का मिजाज ऐसे ही बना रहेगा। बिहार में मानसून की एंट्री 12 जून को होगी, जबकि पटना में 18 जून तक आने की उम्मीद है। मानसून के दौरान पूर्वी-पश्चिम चंपारण में सबसे अधिक बारिश होने के आसार है। राज्य में पूर्वी एवं दक्षिण-पूर्वी हवाओं का प्रवाह जारी है। इसकी रफ्तार भी 8 से 10 किलो मीटर तक की है। इन हवा के कारण गर्मी तेज हो गई है। बारिश के बाद भी गर्मी पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। राज्य में कई जिलों में 24 घंटे के दौरान बारिश हुई है, इसके बाद भी मौसम में कोई नमी नहीं है। उमस बढ़ने के कारण लोगों को परेशानी हो गई है।
यूपी के कनेक्शन से हो रही बारिश
राज्य में उत्तर प्रदेश का कनेक्शन बारिश करा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक एक चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश में बना हुआ है। एक पूर्व पश्चिम ट्रफ रेखा इसी चक्रवाती परिसंचरण के क्षेत्र से नागालैंड, बिहार, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और असम से होकर गुजर रही है। इस कारण से राज्य में बारिश की संभावना बन रही है। 24 घंटे के दौरान राज्य के पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया, मधुपुरा, किशनगंज, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार और भागलपुर में एक दो स्थानों पर गरज व बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई है। इस दौरान हवा की रफ्तार भी 30 से 40 किमी प्रति घंटे की हो गई थी। इसके बाद भी गर्मी पर कोई असर नहीं पड़ा है। गर्मी बढ़ती ही गई है। पटना में सुबह से आसमान से आग बरसने जैसे हालात हैं।
मानसून आने से मिलेगी राहत
बंगाल की खाड़ी से होते हुए दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार में 12 जून तक पहुंच सकता है। संभावना है कि इस बार भी पिछली बार की तरह मानसून निर्धारित समय से एक दिन पहले ही आ जाएगा। बिहार में मानसून की एंट्री झारखंड से पूर्णिया, फारबिसगंज, अररिया, कटिहार, जमुई होते हुए होती है। हालांकि बिहार में मानसून की एंट्री का समय 13 से 15 जून के बीच है। 2021 में 12 जून को मानसून की एंट्री हुई थी। सबसे देर बिहार में मानसून की एंट्री 2018 में 25 जून को हुई थी। पटना में मानसून की इंट्री होने से पहले मानसून नालंदा, जहानाबाद, समस्तीपुर पहुंचने की संभावना है। जहां से 8 से 12 घंटे के बाद पटना पहुंचेगा। इस दौरान बिहार में सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान है।

About Post Author

You may have missed