August 11, 2026

ईद के मौके पर गांधी मैदान पहुंचकर सीएम नीतीश ने दी लोगों को मुबारकबाद, अमन और चैन का दिया संदेश

पटना। पटना के गांधी मैदान में ईद की नमाज अदा की गई। इस दौरान सीएम नीतीश ने बिहारवासियों को ईद की बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश में अमन चैन बना रहे यही मेरी कामना है। हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। देश में सामाजिक सौहार्द का माहौल है। सभी लोग बुलंद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि वह हर वर्ष सेवइयां खाकर ही ईद मनाते हैं। शुक्रवार शाम चांद का दीदार होने के बाद फुलवारी शरीफ इमारत-ए-शरिया ने शनिवार को ईद मनाने का ऐलान किया गया था। इसी कड़ी में शनिवार सुबह पटना के गांधी मैदान में हजारों नमाजी भाइयों ने ईद की नमाज अदा की। इस दौरान सीएम नीतीश भी शामिल हुए। पटना जिले के 357 स्थानों पर 357 मजिस्ट्रेट और 500 पुलिस अधिकारियों के साथ 5000 पुलिस जवान तैनात रहे। इनमें सदर अनुमंडल में 60, पटना सिटी में 115, दानापुर में 56, बाढ़ में 57, मसौढ़ी में 39 और पालीगंज में 23 स्थान शामिल रहें। इसके अलावा सभी एसडीओ और एसडीपीओ को आवश्यकतानुसार अतिरिक्त प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया था। शुक्रवार को डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह और एसएसपी राजीव मिश्रा ने प्रतिनियुक्त सभी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को ड्यूटी स्थल पर उपस्थित होने और हर हाल में विधि व्यवस्था कायम रखने का निर्देश दिया। ईद को लेकर डीएम ने कहा कि सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सार्वजनिक स्थानों पर भीड़-नियंत्रण और विधि-व्यवस्था कायम रखने के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

You may have missed