खबरें फतुहा की : गोली मारकर युवक की हत्या, दो भाईयों में मारपीट, युवक गिरफ्तार विवाह भवन तथा सम्राट अशोक भवन बनेगा,

गोली मारकर युवक की हत्या, खंदा से शव बरामद
फतुहा। गुरुवार को पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर थाना क्षेत्र के गौरी पुंदाह गांव के खंदा से गोली मारी हुई एक युवक का शव बरामद किया है। मृतक का उम्र करीब 25 वर्ष बताया जाता है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को लगा कि युवक खंदा में सो रहा है तथा उसके चप्पल पास में पड़े हैं, लेकिन जब पुलिस ने शव को उलटफेर कर देखा तो पता चला कि युवक के सिर में गोली लगी हुई है तथा मृत है। मृतक के शरीर पर नीले रंग का टी शर्ट व पैंट पड़े थे। मृतक की हत्या कब, कैसे और कहां हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। लेकिन शव व घटनास्थल देखने से प्रतीत होता है कि अपराधियों ने युवक की अन्यत्र हत्या कर शव को खंदे में इस प्रकार रख दिया मानो वह सो रहा है। मृतक के पास से कुछ भी बरामद नहीं हुई है। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पायी है। शव मिलते ही गौरी पुंदाह गांव व उसके आसपास के इलाके में सनसनी फैल गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया है। पुलिस पहले उसकी पहचान कराने में जुटी है।

आपसी विवाद को लेकर दो भाईयों के बीच जमकर मारपीट
फतुहा। गुरुवार को पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के मुरेरा गांव में आपसी विवाद को लेकर दो भाईयों व उसके परिजनों के बीच जमकर मारपीट हो गयी। मारपीट के दौरान एक पक्ष का कमलेश पासवान तथा दूसरे पक्ष की एक महिला पुनिया देवी जख्मी हो गयी। जख्मी हालत में दोनों गुट थाने पहुंचे तथा एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने दोनों जख्मी का इलाज सीएचसी में कराया तथा मामले की छानबीन करने में जुटी है।

एक युवक गिरफ्तार
फतुहा। गुरुवार को नदी थाना पुलिस ने गृह भेदन के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी गुलमहिया चक निवासी शनि कुमार है। नदी थाना पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवक पर रात में घर में घुसकर चोरी करने का आरोप है।

विवाह भवन तथा सम्राट अशोक भवन का निर्माण का टेंडर जारी
फतुहा। नगर परिषद के वार्ड 14 में करोड़ों की लागत से विवाह भवन तथा वार्ड 15 में सम्राट अशोक भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए बजाप्ते नगर विकास पूर्वी प्रमंडल के द्वारा टेंडर की अनुज्ञप्ति जारी कर दी गयी है। दोनों भवन के निर्माण की अवधि 9 महीने निर्धारित की गयी है। गौरतलब है कि सम्राट अशोक भवन के निर्माण के लिए विभाग के द्वारा एक करोड़ तीस लाख साठ हजार रुपए की राशि आवंटित की गयी है। वहीं विवाह भवन के लिए एक करोड़ 91 लाख 52 हजार की राशि आवंटित की गयी है। इस बात की जानकारी नगर प्रमुख रुपा कुमारी व उनके प्रतिनिधि टुनटुन यादव के द्वारा संयुक्त रुप से दी गयी है।

About Post Author

You may have missed