खबरें फतुहा की : चिराग का भव्य स्वागत, शिष्टमंडल सीओ से मिला, वैक्सीन का स्टॉक खत्म
चिराग पासवान का भव्य स्वागत
फतुहा। शनिवार को आशीर्वाद यात्रा के तीसरे चरण में जमुई जाने के दौरान फोरलेन आरओबी पर लोजपा सांसद चिराग पासवान का भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें पगड़ी देकर सम्मानित किया। हालांकि उन्होंने पत्रकारों से कुछ भी नहीं कहा। कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करते अपने लिए आशीर्वाद मांगा। इस मौके पर लोजपा के जिलाध्यक्ष रंजीत यादव, दीप शक्ल पासवान, जय मंगल पासवान, अमरदीप पासवान, प्रमोद पासवान, रीतेश कुमार, कुणाल कुमार, भूषण पासवान समेत कई लोग मौजूद थे।

मुस्लिम समुदाय का शिष्टमंडल सीओ से मिल कब्रिस्तान के जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग
फतुहा। रायपुरा पठानटोली स्थित कब्रिस्तान के जमीन पर दबंगों के द्वारा अतिक्रमण कर लिए जाने का मामला प्रकाश में आने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मुस्लिम समुदाय का एक शिष्टमंडल जनता दरबार में पहुंच सीओ अनीता भारती से मुलाकात किया तथा कागजात के आधार पर कब्रिस्तान के जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की। यह शिष्टमंडल वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष रियाजुउदीन व कब्रिस्तान जमीन के सरंक्षक मुन्ना इकबाल के नेतृत्व में मुलाकात की। विदित हो कि कुछ दिन पहले 20 जुलाई को यह मामला प्रकाश में आने के बाद एसडीओ मुकेश रंजन, डीसीएलआर अखिलेश यादव व स्थानीय प्रशासन ने विवादित जमीन का निरीक्षण किया था। मुस्लिम समुदाय की माने तो कब्रिस्तान के जमीन वक्फ बोर्ड की परिसंपत्ति है, जिस पर कुछ लोग के द्वारा अतिक्रमित कर निर्माण कर दिया गया है। वहीं सीओ अनीता भारती ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
उप स्वास्थ्य केंद्रों को तत्काल दुरुस्त करने की मांग

फतुहा। शनिवार को भाकपा माले के कार्यकर्ताओं का एक शिष्टमंडल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सा प्रभारी से मुलाकात की तथा तीसरी लहर से निपटने के लिए गांवों में बनाए गए उप स्वास्थ्य केंद्रों को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की। माले के प्रखंड सचिव शैलेंद्र यादव ने बताया कि प्रखंड स्तर पर जो भी उप स्वास्थ्य केन्द्र बना हुआ है, सभी पर अभी से ही चिकित्सक व एएनएम की प्रतिनियुक्ति की जाए तथा कोरोना के साथ-साथ अन्य रोगों के इलाज के लिए भी पर्याप्त मात्रा में दवा उपलब्ध करायी जाए। शिष्टमंडल में शैलेंद्र यादव के साथ साथ रविन्द्र पासवान, जयराम दास, पंकज यादव समेत महिला कार्यकर्ता भी शामिल थी।
वैक्सीन का स्टॉक हुआ खत्म
फतुहा। शनिवार को एक बार फिर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य टीकास्थल पर वैक्सीन का स्टॉक खत्म हो गया। जो फाइल बची थी, उस फाइल से मात्र दस लोगों का ही वैक्सीनेशन किया गया। चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुधा शंकर राय के मुताबिक वैक्सीन आते ही टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा। दूसरी तरफ केन्द्र में 222 लोगों का आरटीपीसीआर सैंपल लिया गया। साथ ही 149 लोगों का रैपिड एंटीजन किट से कोरोना की जांच की गई। जांच उपरांत एक भी पॉजिटिव केस नहीं मिला।
सत्येन्द्र जदयू युवा के प्रदेश कोषाध्यक्ष मनोनीत
फतुहा। जदयू युवा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम पटेल के द्वारा जेठुली निवासी सत्येन्द्र यादव को जदयू युवा के प्रदेश कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन से जदयू की संगठन में मजबूती आने की संभावना व्यक्त की गयी है। उनके मनोनयन पर स्थानीय कार्यकर्ताओं ने हर्ष जताते हुए बधाई दी है। बधाई देने वालो में सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष विशन कुमार बिट्टू, प्रखंड अध्यक्ष रंधीर यादव, नगर अध्यक्ष सतपाल सिंह, चुनाव प्रभारी राजु कुमार, अनिल पासवान, मुन्ना यादव समेत कई कार्यकर्ता शामिल हैं।

