PATNA : रामविलास पासवान की पहली पुण्यतिथि पर NDA नेताओं का हुआ जुटान, CM नीतीश बोले- उनके प्रति मेरी श्रद्धा रही है और सब दिन रहेगी

पटना। लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक रहे रामविलास पासवान की पहली पुण्यतिथि पर शुक्रवार को दो-फाड़ हो चुकी पार्टी के दोनों धड़ों ने अलग-अलग श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए। लोजपा के पशुपति पारस गुट ने पटना स्थित प्रदेश लोजपा कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें राज्यपाल फागू चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व पूर्व मुख्यमंत्री व हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी समेत एनडीए नेताओं का जुटान हुआ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्व. रामविलास पासवान के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और मुख्यमंत्री ने रामविलास पासवान के जीवनवृत पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।


इस अवसर पर पत्रकारों से बात करते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि पिछले वर्ष आज ही के दिन रामविलास पासवान जी का निधन हुआ था। हम सब उनको श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए यहां इकट्ठा हुए हैं। उनके द्वारा किये गये कार्यों को लोग याद रखेंगे। उनकी लोकप्रियता सदैव बनी रहेगी। हमारा शुरू से ही उनसे व्यक्तिगत संबंध था। अभी उनके जाने की उम्र नहीं थी, लेकिन तबीयत खराब होने के कारण पिछले वर्ष उनका निधन हो गया। रामविलास पासवान जी के प्रति मेरे मन में आदर और सम्मान का भाव रहा है। उनके प्रति मेरी श्रद्धा रही है और सब दिन रहेगी। उनकी स्मृति को लोगों तक पहुंचाने के लिए जो कुछ भी जरुरी कार्य होंगे किए जाएंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री पशुपति कुमार पारस, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री मुकेश सहनी, सांसद महबूब अली कैसर, सांसद वीणा देवी, सांसद प्रिंस राज, विधान पार्षद संजय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कू ऐप पर सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि
इधर कू ऐप पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामविलास पासवान की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, भारतीय राजनीति में दलितों एवं वंचितों के ओजस्वी स्वर, कर्मठ, संघर्षशील व जनप्रिय राजनेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान जी की प्रथम पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।

About Post Author

You may have missed