तमिलनाडु के मंत्री पन्नीरसेलवम का बयान घोर आपत्तिजनक: प्रभाकर मिश्र

  • भाषा और क्षेत्र के नाम पर अलगाव पैदा करनेवाला है पन्नीरसेलवम का बयान
  • बिहार और उत्तर भारतीय के लोग सिर्फ पानी पुरी नहीं खिलाते, अच्छे-अच्छों को पानी भी पिला देते हैं

पटना। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने तमिलनाडु के कृषि मंत्री एम आरके पन्नीरसेलवम के उत्तर भारतीयों के खिलाफ बयान पर कड़ी आपत्ति दर्ज की। उन्होंने कहा कि पन्नीरसेलवम ने अपने आपत्तिजनक बयान से उत्तर भारतीयों को अपमानित किया है। उत्तर भारतीय,जिसमें बिहार के लोग भी शामिल हैं, अपनी गाढ़ी मेहनत की कमाई खाते हैं। तमिलनाडु की अर्थव्यवस्था में उत्तर भारतीयों का बहुत बड़ा योगदान है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने पन्नीरसेलवम पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार और उत्तर भारत के लोग सिर्फ पानी पुरी नहीं बेचते, बल्कि मौका आने पर अच्छे-अच्छों को पानी पिला देते हैं। वे सिर्फ भवन निर्माण के लिए कार्य नहीं करते, बल्कि राष्ट्र निर्माण में उत्तर भारतीयों का खास योगदान है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पन्नीरसेलवम को अपने आपत्तिजनक बयान के लिए उत्तर भारतीयों से माफी मांगनी होगी। तमिलनाडु का बयान क्षेत्रवाद को बढ़ावा देनेवाला है। भाषा के नाम भेदभाव करना दंडनीय है। अगर भाषा और क्षेत्र के नाम पर कोई भेदभाव करता है, तो वह दंड का भागी बनेगा। हिंदी बोलना कोई गुनाह नहीं है। कोई भी व्यक्ति किसी भाषा का इस्तेमाल कर सकता है। गौरतलब है कि तमिलनाडु के कृषि मंत्री एमआरके पनीरसेल्वम ने कहा है कि उत्तर भारत के लोगों ने सिर्फ हिंदी सीखी है और वे तमिलनाडु में सिर्फ टेबल साफ करने और पानीपूरी बेचने जैसे काम करने के लिए आ रहे हैं।