पति बना हैवान : गर्भवती पत्नी की हत्या कर शव के कई टुकड़े किये और जमीन में दफनाया, पटना की रहने वाली थर विवाहिता

नालंदा। बिहार के नालंदा से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां दहेजलोभी पति व ससुरालियों ने गर्भवती विवाहिता की हत्या करने के बाद शव के कई टुकड़े कर जमीन में दफना दिया। एक साल पहले ही शादी हुई थी। पुलिस ने जमीन में गाड़े गए शव को टुकड़ों में बरामद किया है। शव को जलाने के भी साक्ष्य मिले हैं। पति समेत कुल 5 लोगों पर विवाहिता की बेरहमी से हत्या का मामला दर्ज कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटना के सलिमपुर निवासी अरविंद सिंह की बेटी काजल कुमारी की शादी हिलसा थाना क्षेत्र के नोनिया विगहा निवासी जगत प्रसाद के बेटे संजीत कुमार के साथ पिछले साल 27 जून को हुई थी। शादी के वक्त संजीत कुमार रेलवे में ग्रुप डी के पद पर कार्यरत थे। उनका हाल में ही टीटीई के पद पर प्रमोशन हुआ था। संजीत का प्रमोशन होते ही दहेज के रूप में चार लाख की और मांग की जाने लगी। काजल के परिजनों ने बताया कि इसी साल फरवरी में 80 हजार रुपये दे दिए थे फिर भी और राशि न देने पर संजीत और परिजन परेशान करते थे। इस बीच परिजनों को जानकारी मिली कि उनकी बेटी ससुराल में नहीं है और उसका मोबाइल भी बंद बता रहा है। परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई तो बेटी काजल की खोजबीन शुरू की गई। परिजनों ने पुलिस के सहयोग से कई दिनों तक काफी खोजबीन की। इस दौरान हिलसा के नोनिया विगहा के एक खेत में ही जमीन में दफनाया हुआ शव कई टुकड़ों में बरामद किया गया। घटनास्थल से काजल के शव को पेट्रोल छिड़ककर जला देने के भी निशान मिले हैं।
मामले की तफ्तीश के लिए पहुंचे हिलसा थानाध्यक्ष श्याम किशोर सिंह ने बताया कि फिलहाल मृतका के पिता अरविंद सिंह ने पति संजीत कुमार समेत कुल 5 लोगों पर बेरहमी से काजल की हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।

About Post Author