समस्तीपुर : छेड़खानी का विरोध करने पर बदमाशों ने छात्रा को चलती ट्रेन से नीचे फेंका, पैर और हाथ में लगी चोट

समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर में छेड़खानी का विरोध करने पर बदमाशों ने एक छात्रा को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोरबद्धा रेलवे फाटक संख्या 50 CKOHE पोल संख्या 31/12 के पास की है। पीड़िता बेगूसराय जिले की रहने वाली है। बताया जाता है कि बेगूसराय की रहने वाली पीड़िता छात्रा मुजफ्फरपुर स्थित एक कॉलेज में एएनएम की पढ़ाई कर रही है। वह जनसाधारण एक्सप्रेस ट्रेन से बरौनी स्थित अपने घर जाने के लिए निकली थी। ट्रेन में कुछ मनचले उसके साथ छेड़खानी कर रहे थे। उसने जब उसका विरोध किया तो बदमाशों ने छात्रा को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया उसके सिर, पैर और हाथ में गंभीर चोटें आई है।

वही घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पीड़ित छात्रा को रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट के पुलिस निरीक्षक एनके सिन्हा अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी छात्रा के परिजनों को दे दी गई है। हालांकि उन्होंने कहा कि छात्रा को किसी ने ट्रेन से नीचे फेंक दिया या उसने खुद चलती ट्रेन से छलांग लगाई, इसकी जांच की जा रही है।

 

About Post Author

You may have missed