February 23, 2026

पश्चिम चंपारण के गौनाहा में युवक ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, गर्भवती होने पर खिला दी दवा, जानें फिर क्या हुआ

पश्चिम चंपारण । जिले के गौनाहा के एक गांव में पड़ोस के युवक ने नाबालिग से दुष्कर्म किया। इसके बाद जब नाबालिग गर्भवती हो गई तो उसे गर्भनिरोधक दवा खिला दी। इससे नाबालिग की स्थिति गंभीर होने पर रविवार को उसे जीएमसीएच में भर्ती कराया गया।

यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक डॉ. प्रमोद तिवारी ने बताया कि 13 वर्षीय नाबालिग को नाजुक हालत में लाया गया था। ज्यादा खून बहने से उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है।

गौनाहा थानाध्यक्ष ने बताया कि नाबालिग के पिता की शिकायत पर रविवार को दर्ज एफआईआर में नसरूल्लाह गुल्डन को नामजद किया गया है। इसमें हत्या, दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट की धारा लगाई गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

नाबालिग के पिता ने पुलिस को बताया कि नसरूल्लाह विदेश में काम करता था। पांच माह पूर्व वह गांव लौटा था। उसने प्रलोभन देकर मेरी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। उसके गर्भवती होने पर पांच दिन पहले आरोपी ने गर्भपात की दवा बच्ची को खिला दी।

इससे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उसका खून बहने लगा तब हमें इसकी जानकारी हुई। उसकी स्थिति खराब हो रही थी। उसे लेकर गौनाहा रेफर अस्पताल गए। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। तब उसे लेकर नरकटियागंज अस्पताल पहुंचे।

यहां पैसे के अभाव में बीते 25 सितंबर की रात उसे घर लेकर लौट गए। उसी रात गौनाहा थानाध्यक्ष को मामले की जानकारी दी। गौनाहा थानाध्यक्ष ने उसी समय आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पर छापेमारी की।

लेकिन वह नहीं मिला। बीते रविवार को उसकी हालत नाजुक हो गई। तब जीएमसीएच में उसे भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई।

 

You may have missed