पटना में ऑटो के लिए नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या, मायके वालों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप
- ससुराल वालों को खबर देकर ऑटो चालक पति हुआ फरार
पटना(अजीत)। फुलवारीशरीफ थाना के नकटी भवानी कोरजी महमदपुर में किराए में रहने वाले ऑटो चालक की 22 साल की नवविवाहिता पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने उसकी हत्या गला दबाकर करने का आरोप उसके पति ऑटो चालक साहिल कुमार पर लगाया है। फिलहाल मृतका के शव का पोस्टमार्टम करा कर पुलिस ने परिवार वालों को सौंप दिया, मायके वाले मृतका के शव का अंतिम संस्कार करने में लगे हुए हैं। मायके वालों का कहना है की अंतिम संस्कार के बाद फुलवारीशरीफ थाना में साहिल कुमार के खिलाफ पत्नी की हत्या करने का प्राथमिकी दर्ज कराया जाएगा। वहीं पुलिस टीम हर पहलू पर तहकीकात करने में लग गई है। मृतिका का पति साहिल कुमार फरार हो चुका है इससे पुलिस को भी आशंका है की हत्या में उसकी संलिप्तता है। वही उधर अनीता देवी की हत्या किए जाने की जानकारी मिलते ही परिवार में रोना पीटना मच गया। मृतक के परिवार के लोग रोते बिलखते हुए पटना एम्स पहुंचे। शव के साथ अनीता की मां शिला देवी पिता सुरेश दास, बड़ी बहन मनीता देवी व भाई समेत परिवार के अन्य लोग लिपट लिपटकर भी बिलखने लगे। मनेर के व्यापापुर के रहने वाले शंकर राम के बेटे साहिल कुमार की शादी 1 साल पहले नौबतपुर के डगर के रहने वाले सुरेश दास की बेटी अनीता देवी के साथ हुई थी। शादी के कुछ महीने बाद से साहिल कुमार अपनी पत्नी को मारपीट करने लगा। वही मारपीट के मामले में नौबतपुर थाना में सुलह समझौता करा दिया गया। अनीता के भाई वीरेंद्र रविदास ने बताया कि उसका बहनोई साहिल कुमार भाड़े पर दूसरे का ऑटो चलाता था। रोज शराब पीकर अनीता के साथ मारपीट करता था। अनीता ने परिवार वालों को बताया था कि साहिल कहता है कि जाकर अपनी मां से लोन पर ऑटो दिलाने के लिए कहो। वीरेंद्र रविदास मजदूरी का काम करते हैं उनका कहना है कि जितनी क्षमता थी उसके मुताबिक शादी में दान दहेज दिया गया था, अब ऑटो खरीद कर देने की औकात नहीं थी, लेकिन साहिल समझने के लिए तैयार नहीं था। वही इस मामले को लेकर थाना अध्यक्ष सफीर आलम ने बताया कि कुर्जी मोहम्मदपुर के किराए के मकान में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद किया गया। मृतक के गले पर निशान देखा गया है। पटना एम्स में पोस्टमार्टम करने के बाद शव को परिवार वालों को सौंप दिया गया। पुलिस हर पहलू पर तहकीकात कर रही है। मृतका के परिवार वालों के द्वारा जो आवेदन मिलेगा उसके आधार पर भी आगे की कार्रवाई की जाएगी।


