पटना-गया बाइपास पर अवैध बालू के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 840 सीएफटी बालू समेत सात ट्रैक्टर जब्त
- बेउर थाना पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त छापेमारी. बिना चालान ओवरलोड बालू का हो रहा था परिवहन
फुलवारीशरीफ, (अजीत कुमार)। पटना-गया बाइपास पर अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ बेउर थाना पुलिस एवं खनन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने बिना वैध चालान के ओवरलोड बालू लेकर जा रहे सात ट्रैक्टरों को जब्त किया है. जब्त ट्रैक्टरों पर करीब 840 सीएफटी अवैध बालू लदा हुआ था. जानकारी के अनुसार, एक अगस्त को नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ बालू माफिया अवैध खनन कर भारी मात्रा में ट्रैक्टरों के माध्यम से बालू की ढुलाई कर रहे हैं. सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक दानापुर-01 के नेतृत्व में बेउर थाना पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त छापेमारी टीम का गठन किया गया. संयुक्त टीम ने पटना-गया बाइपास पर अभियान चलाकर बिना किसी वैध चालान के ओवरलोड बालू का परिवहन कर रहे कुल सात ट्रैक्टरों को पकड़ लिया. जांच के दौरान ट्रैक्टरों पर करीब 840 सीएफटी बालू लदा पाया गया, जिसे जब्त कर लिया गया. खनन निरीक्षक हरिओम ओझा ने जब्ती सूची तैयार कर बेउर थाना को सौंपी. इसके आधार पर बेउर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. छापेमारी दल में बेउर थानाध्यक्ष अफसर हुसैन, खनन निरीक्षक हरिओम ओझा, पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अभय किशोर, सहायक अवर निरीक्षक राजदेव गिरी तथा बेउर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध खनन और बिना वैध दस्तावेज के बालू परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.


