मधुबनी हत्याकांड पर बोले तेजस्वी : अपराधियों को प्राप्त है सत्ता का संरक्षण, पूर्व मंत्री की तस्वीर दिखायी, की यह मांग

file photo

पटना। बिहार के मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में होली के दिन हुई पांच लोगों की हत्या को लेकर सियासी उबाल चरम पर है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को कहा कि बिहार पुलिस जदयू पुलिस बन गई है। मधुबनी प्रकरण में वे यदि पीड़ितों से मिलने पर नहीं गए होते तो आज दोषियों की गिरफ्तारी भी ना होती। उन्होंने कहा कि इस मामले में अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में अपराधी खुले घूमते हैं और जनता की आवाज उठाने पर हमारे खिलाफ 307 का मुकदमा कर दिया जाता है। बता दें मंगलवार को तेजस्वी यादव बेनीपट्टी के महमदपुर में हत्याकांड के पीड़ितों के परिजनों से मिलने पहुंचे थे और आज नरसंहार का मुख्य आरोपी प्रवीण झा को पुलिस ने नेपाल से गिरफ्तार कर लिया। प्रवीण झा के अलावा चंदन झा, भोला सिंह, कमलेश सिंह और मुकेश साफी भी पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं। मधुबनी के एसपी डॉ सत्यप्रकाश ने इसकी पुष्टि की है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए उन्हें जहां भी जाना होगा जाएंगे। तेजस्वी ने कहा कि प्रवीण झा रावण सेना चला रहा है और प्रशासन को पता तक नहीं है। पीड़ित परिजनों का कहना है कि एक पूर्व मंत्री का संरक्षण प्रवीण झा जैसे अपराधियों को मिल रहा है। इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर हमला बोलते हुए कहा कि मधुबनी के वर्तमान पुलिस अधिकारी जब तक रहेंगे न्याय नहीं मिलेगा। सभी पर कार्रवाई के लिए वे संघर्ष करेंगे। तेजस्वी ने मुख्य आरोपित प्रवीण झा के साथ पूर्व मंत्री की तस्वीर दिखायी। बेनीपट्टी के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रवीण झा की तस्वीर दिखलायी। आरोप लगाया कि इन लोगों द्वारा ही यह अपराधी संरक्षित है। नेता प्रतिपक्ष ने पूछा, प्रशासन क्या कर रहा है? उन्होंने पीड़ित परिजनों को सुरक्षा देने, परिजनों के एक सदस्यों को नौकरी देने, परिवार के सदस्यों को मुआवजा व परवरिश की मांग की।

About Post Author

You may have missed