सुपौल में लोजपा(रा) के नेता को अपराधियों ने मारी गोली, हालत गंभीर

सुपौल। बिहार के सुपौल जिले में चिराग पासवान की पार्टी लोजपा रामविलास के नेता को गोली मार दी गई। यह वारदात छातापुर प्रखंड के डहरिया गांव में शनिवार सुबह करीब सवा 5 बजे हुई। गोली लगने से 65 वर्षीय लोजपा नेता अशोक पासवान अचेत होकर सड़क पर गिर गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के घरों के लोग बाहर निकले तो बदमाश मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से जख्मी अशोक पासवान को इलाज के लिए छातापुर सीएचएसी ले जाया गया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सुपौल सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि एक बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। लोजपा नेता अशोक पासवान अलसुबह मॉर्निंग वॉक पर घर से बाहर निकले थे, तभी उनपर हमला हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष शिव शंकर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की छानबीन कर रही है। लोजपा नेता को गोली लगने की घटना के बाद उनके घर पर लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। अशोक पासवान के प्रखंड अध्यक्ष रह चुके हैं और क्षेत्र के चर्चित दलित नेता हैं। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि राजनीतिक रंजिश या जमीनी विवाद के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है। फिलहाल हमलावरों का पता नहीं लग पाया है। अशोक पासवान को घर से महज 400 गज की दूरी स्थित मुख्य सड़क पर गोली मारी गई। घटना के बाद घायल अशोक की पत्नी सावित्री देवी का रो-रो कर बुरा हाल है।

About Post Author

You may have missed