January 24, 2025

केजरीवाल सबसे भ्रष्ट सीएम, चुनावी लाभ के लिए यूपी बिहार के लोगों को किया अपमानित : गिरिराज सिंह

  • केंद्रीय मंत्री का हमला, केजरीवाल ने अन्ना हजारे को धोखा दिया, चुनाव में यही बिहार वाले उनको औकात दिखाएंगे

पटना। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्हें सबसे भ्रष्ट और धोखेबाज नेता करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वांचल के लोगों का अपमान किया है। यह प्रतिक्रिया केजरीवाल की उस टिप्पणी के बाद आई जिसमें उन्होंने भाजपा पर फर्जी वोट बनवाने और यूपी-बिहार के लोगों को इसमें शामिल करने का आरोप लगाया था। गिरिराज सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने हमेशा धोखा दिया है, चाहे वह अन्ना हजारे जैसे आदर्शवादी व्यक्ति हों या दिल्ली के आम लोग। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने अन्ना हजारे के आंदोलन से उभरे और बाद में उन्हें ही धोखा दिया। गिरिराज ने केजरीवाल के बयान पर कहा, “आप कहते हैं कि यूपी और बिहार के लोग दिल्ली में आकर फर्जी वोट बनवाते हैं। ये वही लोग हैं जिन्होंने आपको मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचाया। अब आप इन्हीं को अपमानित कर रहे हैं। गिरिराज सिंह ने यूपी और बिहार के लोगों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि ये लोग दिल्ली के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे मेहनत से दिल्ली को समृद्ध करते हैं, लेकिन केजरीवाल ने इन्हें फर्जी वोटर कहकर अपमानित किया है। उन्होंने कहा कि यह वही जनता है जिसने केजरीवाल को सत्ता में लाया और अब यही लोग उन्हें सबक सिखाएंगे। गिरिराज सिंह ने केजरीवाल की वादाखिलाफी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने 2025 तक यमुना साफ करने का वादा किया था लेकिन वह अपने वादे से मुकर गए। उन्होंने रिक्शा चालकों, ऑटो चालकों और दिल्ली के आम नागरिकों को धोखा दिया। गिरिराज सिंह ने सवाल उठाया कि केजरीवाल को सत्ता क्यों चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वह सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं और अब दिल्ली को एक बार फिर से धोखा देना चाहते हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी राजनीति केवल झूठ और धोखे पर आधारित है। पार्टी ने दावा किया कि दिल्ली की जनता अब उनकी असलियत जान चुकी है और आगामी चुनावों में उन्हें जवाब देगी। गिरिराज सिंह के बयान ने केजरीवाल पर विपक्ष का गुस्सा और जनता के बीच बहस को और तेज कर दिया है। यूपी और बिहार के लोगों के अपमान का मुद्दा राजनीतिक विवाद का बड़ा कारण बन गया है। भाजपा ने इसे जनता से जुड़ा विषय बताते हुए केजरीवाल को घेरने की कोशिश की है। वहीं, जनता की प्रतिक्रिया आगामी चुनावों में इस विवाद का असर दिखाएगी।

yashoraj infosys best website design company in patna : www.yashoraj.com

You may have missed