JDU ने तैयार की सभी गांवों के दस-दस समर्पित कार्यकर्ताओं की सूची, मई में होगा जिलास्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन

पटना। बिहार प्रदेश जदयू अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मंगलवार को जदयू मुख्यालय में पार्टी संगठन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातें साझा कीं और साथ ही कार्यक्रमों की जानकारी दी। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उमेश कुशवाहा ने बताया कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व संगठन की मजबूती के लिए प्रतिबद्ध है। इसे विस्तार और गहराई देने का कार्य दिन-रात चल रहा है। विगत दिनों प्रत्येक गांव के दस-दस समर्पित कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने का निर्णय लिया था और इसकी जिम्मेदारी सभी जिलाध्यक्षों को दी गई थी। जिसमें एक-दो जिलों को छोड़कर लगभग सभी जिलों से यह सूची प्राप्त हो गई है। एक सप्ताह के अंदर यह लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल कर लेंगे।
सूची को किया जा रहा डिजिटाइज 
उन्होंने बताया कि जिलों से प्राप्त सूची को पार्टी मुख्यालय में डिजिटाइज किया जा रहा है। इस कार्य में टेक्निकल टीम के लगभग दो दर्जन लोग लगे हुए हैं। सूची में दिए गए मोबाइल नंबर को रैंडमली कॉल कर कन्फर्म भी किया जा रहा है। अप्रैल महीने के अंत तक सभी गांवों के कार्यकर्ता सीधे पार्टी मुख्यालय से जुड़ जाएंगे और एक-दूसरे से सीधे संवाद करने में सक्षम होंगे। इसके बाद प्रत्येक पंचायत के अंतर्गत पड़ने वाले गांव के कार्यकर्ता उस पंचायत के अंतर्गत पड़ने वाले बूथ के लिए बूथ अध्यक्ष एवं बूथ सचिव का चुनाव करेंगे और जिला संगठन बूथ अध्यक्ष एवं बूथ सचिव की सूची प्रदेश को सौंपेगा।
मई में होगा जिलास्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन
उन्होंने कहा कि पार्टी ने निर्णय लिया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में दो टीम बनाकर मई महीने में सभी संगठन जिलों में जिलास्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
एनडीए की शानदार जीत तय
वहीं विधान परिषद चुनाव (स्थानीय प्राधिकार) के संबंध में पूछे जाने पर श्री कुशवाहा ने कहा कि सभी 24 सीटों पर एनडीए की शानदार जीत होगी। इस दौरान मुख्यालय महासचिव मृत्युंजय कुमार सिंह एवं जदयू शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप मौजूद रहे।

About Post Author

You may have missed