JDU नेताओं ने कहा : मंत्रिमंडल विस्तार में मुख्यमंत्री ने रखा समाज के सभी वर्गों का ध्यान

पटना। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा और पूर्व अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह ने मंत्रिमंडल विस्तार के बाद शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं पर खासा भरोसा जताया : आरसीपी
अपने बधाई संदेश में राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने कहा कि सभी मंत्री बेहतरीन काम करें और बिहार को विकसित प्रदेश बनाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार को नई ऊंचाईयों पर ले जाने के लिए दिन-रात कोशिशों में जुटे रहते हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि मंत्रिमंडल के सदस्य भी उनके कदम से कदम मिलाकर चलेंगे और न्याय के साथ विकास के उनके संकल्प को मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल विस्तार में युवाओं पर खास भरोसा जताया है। उम्मीद है कि वे नई ऊर्जा और उत्साह से बिहार को आगे बढ़ाएंगे।
मंत्रिमंडल विस्तार में समाज के सभी वर्गों का रखा गया ध्यान : उमेश


प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार में समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। मुख्यमंत्री के शासन की विशेषता रही है कि विकास की किरण हर तबके, हर इलाके तक बराबर पहुंचे। उनके मंत्रिमंडल में भी इसकी झलक देखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री न केवल सरकार की अनगनित योजनाओं से नई पीढ़ी में कार्य-कुशलता एवं नेतृत्व क्षमता विकसित कर रहे हैं, बल्कि उन्होंने अपने मंत्रिमंडल के माध्यम से भी उन्हें मौका देकर बड़ा संदेश देने का काम किया है।
अनुभवी और युवा चेहरों को एक साथ जगह देना स्वागतयोग्य: बशिष्ठ


राज्यसभा सदस्य एवं बिहार प्रदेश जदयू के पूर्व अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह ने मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सभी नवमनोनीत मंत्रियों को बधाई देते हुए कहा कि इस विस्तार में एक ओर पुराने और अनुभवी तो दूसरी ओर नए और युवा चेहरों को जगह दी गई है। यह मुख्यमंत्री का स्वागतयोग्य कदम है। उनका यह कदम नए बिहार को और आगे बढ़ाने का काम करेगा। पूरा विश्वास है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार का यह कार्यकाल पहले से कहीं अधिक उपलब्धियों से भरा और यादगार होगा।

About Post Author

You may have missed