पटना आने के बाद भी राजद कार्यालय नहीं पहुंचे जगदानंद सिंह, नाराजगी लगातार बढ़ा रही पार्टी की टेंशन

पटना। आरजेडी विधायक व बेटे सुधाकर सिंह के मंत्री पद से त्यागपत्र देने के बाद से ही राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह पार्टी और सरकार दोनों से नाराज चल रहे हैं। लगभग सवा महीने के इंतजार के बाद आखिरकार जगदानंद सिंह गांव में समय बिताने के बाद शुक्रवार को पटना लौटे। हालांकि पटना आने के बाद भी वह पार्टी कार्यालय नहीं गए, जबकि पार्टी नेता उनके कार्यालय आने की प्रतीक्षा करते रहे। बताया जा रहा है कि जगदानंद सिंह पटना से लौट भी गए हैं। ऐसे में सवाल यह है कि क्या जगदानंद सिंह की नाराजगी अभी खत्म नहीं हुई है। जगदानंद सिंह को राजद का प्रदेश अध्यक्ष बने डेढ़ महीने से ऊपर हो गया है और उनके नहीं होने से प्रदेश कमेटी गठन में बाधा आ रही है। कुढ़नी में उपचुनाव होने वाला है। ऐसे में पार्टी की कोशिश है कि जल्द से जल्द पार्टी के जिला इकाई का गठन कर लिया जाए, ताकि चुनाव को लेकर जिम्मेदारी बांटी जा सके। शुक्रवार को जगदानंद सिंह के चैंबर में सामने की कुर्सियों पर रोज बैठने वाले वरीय नेता वृशिण पटेल और उदय नारायण चौधरी दिन भर उनका इंतजार करते रहे पर पटना में रहते हुए भी जगदानंद नहीं पहुंचे।
समय का इंतजार कीजिये, सब ठीक हो जाएगा : श्याम रजक
इस मामले में वृशिण पटेल ने कहा कि हम उनका इंतजार कर रहे हैं। वे पटना आ चुके हैं तो कार्यालय जरुर आयेंगे। वहीं श्याम रजक ने कहा कि समय का इंतजार कीजिये। हम समाजवादी लोग हैं, सब ठीक हो जाएगा। बेटे सुधाकर सिंह के मंत्री पद से त्यागपत्र देने के बाद से जगदानंद सिंह पार्टी और सरकार दोनों से नाराज चल रहे हैं। उनके इस्तीफे की खबरें भी सामने आ चुकी हैं। हालांकि अभी कोई तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जगदानंद सिंह 9-10 अक्टूबर को दिल्ली में राजद राष्ट्रीय परिषद की बैठक और खुला अधिवेशन में भी शामिल नहीं हुए थे। बीते दिनों पार्टी ऑफिस में तेजस्वी यादव का जन्मदिन बनाया गया था, उसमें भी जगदानंद सिंह शामिल नहीं हुए थे। इस शुक्रवार को लगभग सवा महीने के इंतजार के बाद जगदानंद सिंह पटना लौटे लेकिन पार्टी ऑफिस नहीं गए और पटना से लौट गए।

About Post Author

You may have missed