CM नीतीश ने विभिन्न निर्माणाधीन पथ प्रोजेक्टों का किया निरीक्षण, निर्माण कार्य में तेजी लाने का दिया निर्देश

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को सड़क मार्ग से भ्रमण कर विभिन्न निर्माणाधीन पथ प्रोजेक्टों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएम नीतीश को मीठापुर गोलंबर पर अधिकारियों ने रेखाचित्र के माध्यम से मीठापुर-महुली एलिवेटेड पथ के निर्माण से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस निर्माणाधीन सड़क निर्माण कार्य को तेजी से पूर्ण करने निर्देश दिया।


पटना से गया आवागमन होगा आसान
इसके पश्चात मुख्यमंत्री करबिगहिया गोलंबर से सिपारा होते हुए महुली पहुंच कर एनएच-83 (पटना-गया- डोभी सड़क) निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को रेखाचित्र के माध्यम से इस पथ के निर्माण कार्य से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान सीएम ने अधिकारियों को निर्माणाधीन कार्यों को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गया ऐतिहासिक जगह है। गया और पुनपुन में बड़ी संख्या में लोग पिंडदान करने के लिये आते हैं। पटना-गया-डोभी मार्ग के बन जाने से पटना से गया आवागमन और आसान हो जायेगा, साथ ही पर्यटकों को भी काफी सहुलियत होगी तथा इस क्षेत्र का भी तेजी से विकास होगा। मुख्यमंत्री ने वहां रूककर स्थानीय लोगों से बातचीत कर समस्याओं की जानकारी ली और अधिकारियों को शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया।


निर्माण कार्य में दिक्कतों की जानकारी ली
मुख्यमंत्री ने एनएच-83 का निरीक्षण करने के पश्चात मसौढ़ी-पितमास-नौबतपुर मार्ग होते हुए दानापुर में दानापुर-बिहटा एलिवेटेड पथ के निर्माण कार्य के विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली और अधिकारियों को जल्द कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि विभिन्न स्थलों पर जाकर सड़कों के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हैं। इसी सिलसिले में आज भी विभिन्न स्थानों का दौरा कर सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया है। सड़क निर्माण कार्य में क्या दिक्कत आ रही है, इसकी भी जानकारी ली है।
ये रहे मौजूद
इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव सह बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

About Post Author

You may have missed