कर्पूरी ठाकुर की जन्मशताब्दी समारोह को सफल बनाने के लिए जदयू ने की बैठक, उमेश कुशवाहा बोले- ऐतिहासिक होगा समारोह

पटना। जननायक कर्पूरी ठाकुर की जन्मशताब्दी समारोह को सफल बनाने के लिए मंगलवार को जदयू प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में पार्टी के जिला प्रभारी की तैयारी बैठक सम्पन्न हुई। वही इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी के माननीय प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा एवं संचालन पार्टी के प्रदेश महासचिव चंदन कुमार सिंह ने की। वही इस बैठक में मुख्य रूप से मौजूद बिहार विधान परिषद के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह, पूर्व विधायक राणा रणधीर सिंह चैहान, पूर्व विधायक प्रभात रंजन सिंह, पूर्व विधायक प्रभुनाथ राय आदि मौजूद रहे। वही इस बैठक में पार्टी के माननीय प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि जिला प्रभारियों की ये महत्वपूर्ण बैठक बड़े ही महत्वपूर्ण समय पर हो रही है। आप सभी दल के समर्पित और अनुभवी साथी हैं और मुझे पूरा यकीन है कि संगठन की बारीकी के साथ-साथ समय की चुनौती को भी आप सभी भलीभांति समझते हैं। संगठन के काम में कोई विराम या विश्राम नहीं होता। शारीरिक रूप से आप भले ही कभी अनुपस्थित रहें, लेकिन मानसिक रूप से और भावात्मक रूप से आपका काम कभी नहीं रुकता। इसमें साल के 365 दिन अपने दायित्व को निभाना होता है। अपने दायित्व को निभाते हुए आप समय का जितना बेहतर उपयोग कर पाते हैं, पार्टी उतनी ही बुलंदी पर जाती है। उन्होंने आगे कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर की जन्मशताब्दी समारोह को ऐतिहासिक व भव्य बनाने के लिए पार्टी के प्रत्येक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को पूरे समर्पण भाव से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों को जन-जन तक पहुंचना है। हम जानते हैं कि जननायक के विचारों को नजरअंदाज कर बेहतर और विकसित बिहार के निर्माण के सपनों को पूरा नहीं किया जा सकता है। 24 जनवरी को पटना के वेटनरी कॉलेज मैदान में ऐतिहासिक जनसैलाब उमड़ने वाला है। कर्पूरी ठाकुर जन्मशताब्दी समारोह की सफलता इतिहास के पन्नों में दर्ज होगी। उस दिन प्रदेश की सभी पंचायतों से कर्पूरी ठाकुर में आस्था रखने वाले लाखों की संख्या में लोग पटना पहुंचेंगे व वेटनरी कॉलेज मैदान से अतिपिछड़ा विरोधी बीजेपी सरकार को केंद्र की गद्दी से उखाड़ फेंकने का शंखनाद होगा।

About Post Author

You may have missed