डेंगू की रोकथाम में सरकार विफल, प्रभाकर बोले- निगम कर्मियों की हड़ताल खत्म कराने की पहल करें सरकार

- निगम कर्मियों की हड़ताल से पसर रही गंदगी, बेकाबू हो सकता है डेंगू का कहर
पटना। भाजपा के वरिष्ठ नेता व प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने कहा कि राज्य में डेंगू के मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। लेकिन, सरकार बेपरवाह है। अस्पतालों में डेंगू के मरीजों के इलाज के लिए विशेष व्यवस्था नहीं की गयी है। साथ ही पटना नगर निगम के 8000 कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, जिससे राजधानी में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। लेकिन, इन सब से बेपरवाह सरकार कान में तेल डालकर सोयी हुई है। मिश्र ने आज प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में डेंगू के रिकार्ड 333 नये मरीज मिले हैं। अब इससे संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 3099 हो गयी है। सिर्फ पटना में डेंगू के 1080 मरीज हैं। डेंगू के लगातार बढ़ रहे प्रकोप से लोग दहशत में हैं। डेंगू की रोकथाम में सरकार विफल साबित हो रही है। मिश्र ने आगे कहा कि डेंगू के बढ़ते प्रकोप के बीच सरकार के दमनात्मक रवैये के कारण निगमकर्मी हड़ताल पर हैं, इससे आमलोग गंदगी में रहने को विवश हैं, बीमारी तेजी से बढ़ने की आशंका बढ़ गयी है।
