फतुहा : गंगा व पुनपुन के जलस्तर में तेजी से वृद्धि, कई इलाको पर बाढ़ का खतरा

फतुहा। पिछले तीन दिनों से गंगा व पुनपुन नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। जलस्तर में वृद्धि होने से ये दोनों नदियां अपने उफान पर है, जिससे प्रखंड के कई इलाके में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। हालांकि उंचाई वाले इलाके पर बाढ़ का खतरा तो नहीं है लेकिन इन दोनों नदियों के तराई वाले इलाके में बाढ़ का पानी घुसने की संभावना बन गयी है। देखा जाए तो नरैना, सुल्तानपुर, खोखना, अब्दालचक, रानीपुर, सैदपुर जैसे कई गांव पुनपुन नदी के तराई क्षेत्र में बसे हैं, जहां बाढ़ का खतरा अधिक बन गया है।
वहीं शहरी इलाके की बात करें तो गोविंदपुर के निचले हिस्से में पुनपुन नदी का पानी घरों तक पहुंचने लगे हैं। हालांकि लोहा पुल में लगे मापक स्केल के अनुसार खतरे के निशान से थोड़ी नीचे ही पुनपुन नदी अभी बह रही है। गंगा के भी जलस्तर में काफी वृद्धि हुई है लेकिन अभी यह फतुहा में खतरे के निशान को नहीं छू पाई है। लेकिन जिस तरह से गंगा में जलस्तर की वृद्धि हुई है, उससे प्रतीत होता है कि आने वाले दिनों में गंगा के किनारे वाले क्षेत्र बाढ़ के कब्जे में होंगे। फिलवक्त प्रशासन के द्वारा कोई खास इंतजाम नहीं किया गया है। पूछे जाने पर बीडीओ मृत्युंजय कुमार ने बताया कि अभी स्थिति नियंत्रण में है।

About Post Author

You may have missed