गंगा देवी महिला महाविद्यालय में स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन, डिप्टी सीएम बोलीं- महिलाओं के विकास के बिना देश का विकास संभव नहीं

पटना। राजधानी पटना के गंगा देवी महिला महाविद्यालय में मंगलवार को स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद सह भाजपा संस्थापक सदस्य रविन्द्र किशोर सिन्हा, विधान पार्षद नवल किशोर यादव, कुम्हरार विधायक अरुण कुमार सिन्हा और महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मणिबाला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। इस मौके पर अतिथियों द्वारा महाविद्यालय के वार्षिक पुस्तक का भी विमोचन किया गया।
उपमुख्यमंत्री बोली, छात्राएं नई बुलंदियों को छू रही
समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में इस महाविद्यालय की छात्राएं नई बुलंदियों को छू रही हैं। प्रधानमंत्री का कहना है कि महिलाओं के विकास के बिना देश का विकास नहीं हो सकता। इसलिए हमारे देश की लड़कियां आज पढ़-लिखकर देश ही नहीं, विदेशों में भी अपने देश का नाम रौशन कर रही हैं।


पूर्व सांसद बोले, महाविद्यालय से हमारा पुराना संबंध
वहीं पूर्व सांसद रविन्द्र किशोर सिन्हा ने कहा कि इस महाविद्यालय से हमारा पुराना संबंध रहा है। आज महाविद्यालय की छात्राएं स्वर्णिम अध्याय लिख रही हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार के सहयोग से आज देश व राज्य के विद्यालय एवं महाविद्यालय में उच्च कोटि की शिक्षा दी जा रही हैं। डिजिटल इंडिया के दौर में सरकार द्वारा छात्राओं को कंप्यूटर का ज्ञान दिया जा रहा है।
छात्राएं महाविद्यालय का नाम रौशन कर रही
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मणिबाला ने कहा कि महाविद्यालय में छात्राओं को विश्वविद्यालय द्वारा पठन-पाठन की उचित व्यवस्था है। छात्राएं आज महाविद्यालय का नाम रौशन कर रही हैं। स्वर्ण जयंती समारोह में रागिनी प्रसाद, राजनंदन प्रसाद, अचलेश नंदन, नुपुर प्रसाद, समस्त शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी शामिल रहे।


1971 में महाविद्यालय की नींव रखी गई
विदित हो कि 7 दिसंबर 1971 में गंगा देवी महिला महाविद्यालय की नींव रखी गई। महाविद्यालय स्वर्णिम वर्ष (स्वर्ण जयंती समारोह) मना रहे हैं। इस महाविद्यालय की स्थापना का श्रेय संस्थापक स्व. शिवनंदन प्रसाद को जाता है, जो नारी शिक्षा के समर्थक थे। इन्होंने पिता के नाम पर स्कूल श्री रघुनाथ प्रसाद बालिका उच्च विद्यालय की स्थापना की थी। जिसकी परिणति गंगा देवी महिला महाविद्यालय के रूप में हुई।

About Post Author

You may have missed