पटना पुलिस के लिए चुनौती बने हुए थे राहगीर लुटेरे : लूट के तीन मोबाइल सहित पांच अपराधी गिरफ्तार
पालीगंज। पटना के पालीगंज अनुमंडल क्षेत्र से गुजरने वाली पाली-अटौलह मुख्य सड़क पर लगभग एक माह पूर्व हुए लूट की घटना का खिरीमोड़ और पालीगंज थाने की पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार पिछले माह 21 नवंबर की रात अज्ञात अपराधियों ने पालीगंज थाना क्षेत्र के रामपुर नगमा गांव से कुछ दूरी पर पाली-अटौलह मुख्य सड़क से हथियार के बल पर कई राहगीरों के साथ मारपीट करते हुए लूटपाट किया था। जिसमें दो मोबाइल सहित कुछ रुपये भी लूटी गई थी। जिसकी प्राथमिकी पीड़ितों ने खिरीमोड़ थाने में दर्ज कराया था। इस घटना के कुछ ही दिनों बाद30 नवंबर की रात उसी स्थान पर अज्ञात अपराधियों ने बाइक सवार दो युवकों पर गोलीबारी व मारपीट कर घायल कर दिया था। वहीं पीड़ित का एक मोबाइल व कुछ रुपये लूट लिया था। जिसकी प्राथमिकी पीड़ितों ने पालीगंज थाने में दर्ज कराया था। लगातार हो रहे इस तरह के वारदात दोनों थानों की पुलिस के लिए चुनौती बन गई थी। इस चुनौती को गंभीरता से लेते हुए पालीगंज डीएसपी आईपीएस अवधेश दीक्षित ने खिरीमोड़ थानाध्यक्ष रविशंकर कुमार व पालीगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एक संयुक्त पुलिस टीम का गठन किया।
वहीं गठित पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान की सहयोग लेते हुए इस पर काम करना शुरू किया। जिसमें कुछ अपराधियों का नाम पुलिस के सामने आया। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर लूट कांड में संलिप्त पांच अपराधियों को तीन लूटे गए मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों में जहानाबाद जिला के परस बिगहा थाना अंतर्गत मिसरौलिया गांव निवासी नागेन्द्र यादव का 16 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार उर्फ पिंटू, पालीगंज थाना क्षेत्र के नगमा गांव निवासी साहेब यादव का 19 वर्षीय पुत्र गौतम तूफान उर्फ छोटू, रामविनय यादव का 18 वर्षीय पुत्र आशुतोष कुमार उर्फ गोलू, गोरख यादव का 19 वर्षीय पुत्र गोविंद कुमार व कृष्णा यादव का 20 वर्षीय पुत्र विकास कुमार शामिल है। वहीं बरामद की गई एंड्रॉयड मोबाइलों में एक ओप्पो, एक रेडमी व एक वीवो कंपनी का है। मामले की पुष्टि करते हुए पालीगंज पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधियों को जेल भेज दिया गया है।


