September 18, 2026

दिवाली की रात जुआ खेलने के दौरान दो पक्षों में फायरिंग, गोली लगने से 8 वर्षीय बच्चे की मौत

भोजपुर, आरा। दिवाली की रात भोजपुर जिले में दीपावली की शाम दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग की गई। फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक मासूम की मौत हो गई। मृत बालक को गोली सिर के पिछले हिस्से में लगी है। दीपावली के दिन घटी इस घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है। मामला भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के फुहां गांव का है। मृत बच्चे की पहचान फुहां गांव निवासी राजमोहन रजक का 8 वर्षीय पुत्र प्रियांशु रजक के रूप में की गई है। मृतक के बड़े चाचा नंदकिशोर प्रसाद ने बताया कि वह दुकान पर जा रहा था। रास्ते में गांव में स्थित फील्ड के पास दो पक्ष के लोग आपस में झगड़ रहे थे। तभी एक पक्ष द्वारा फायरिंग कर दी गई, जिसमें उसे गोली लग गई और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों द्वारा बताया जा रहा है कि दो अलग-अलग लोग मैदान में बैठकर जुआ खेल रहे थे। तभी जुआ खेलने के दौरान दोनों में बकझक के बाद विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। कुछ देर के बाद एक पक्ष के द्वारा फायरिंग कर दी गयी, जिसमे वहां से गुजर रहे मासूम प्रियांशु के सर में गोली लग गयी। घटना की सूचना मिलते ही बड़हरा थाना इंचार्ज मनीष कुमार और टाउन थानाध्यक्ष शंभू कुमार भगत अपने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। इसके बाद से पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

You may have missed