September 19, 2026

बाहुबली विधायक अनंत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज, गोपालगंज के मीरगंज थाने में, अवैध हथियार प्रदर्शन तथा अश्लील नृत्य का मामला

पटना।पिछले दिनों दुलारचंद यादव हत्याकांड में जेल से बाहर आए जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह एक बार फिर कानून तोड़ने के एक मामले में फंस गए हैं. गोपालगंज के मीरगंज में एक उपनयन (जनेऊ) संस्कार के दौरान मजमा लगाकर अश्लील डांस देखने और समर्थकों द्वारा खुलेआम हथियार लहराने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. वायरल वीडियो के आधार पर आर्म्स एक्ट और अश्लीलता परोसने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जिसके बाद अब विधायक अनंत सिंह पर गिरफ्तारी की तलवार लटकने लगी है.

 

 

 

यह पूरा मामला बीते 2 और 3 अप्रैल का है. विधायक अनंत सिंह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ मीरगंज इलाके के सेमराव गांव पहुंचे थे. यहां गुड्डू राय के आवास पर उपनयन संस्कार यानी जनेऊ का कार्यक्रम रखा गया था. इस कार्यक्रम में आने वाले सैकड़ों मेहमानों के ठहरने और खाने-पीने की बेहद भव्य व्यवस्था की गई थी. सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे वीडियो वायरल हुए जिन्होंने पूरे पुलिस महकमे में खलबली मचा दी.साइबर सेल की जांच के आधार पर पुलिस ने अब तक 9 लोगों की पहचान कर ली है. इन सभी लोगों के खिलाफ मीरगंज थाना में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिन लोगों पर एफआईआर हुई है, उनमें मुख्य रूप से जेडीयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह, कार्यक्रम के आयोजक गुड्डू राय और गुंजन राय सहित आधा दर्जन अन्य लोग शामिल हैं. इसके अलावा कई अज्ञात लोगों को भी इस मामले में आरोपित किया गया है. पुलिस का दावा है कि वीडियो में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी जल्द ही नामजद किया जाएगा.गोपालगंज पुलिस की इस कार्रवाई से जहां अनंत सिंह की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं, वहीं उनके समर्थकों में भी हड़कंप मच गया है. आपको बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे करीब एक महीने पहले गोपालगंज के ही कुचायकोट से दबंग और बाहुबली विधायक अमरेंद्र कुमार पांडे उर्फ पप्पू पांडे पर भी कुचायकोट थाने में नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी. उन पर आरोप है कि विधायक के संरक्षण में उनके समर्थक अवैध तरीके से जमीनों पर कब्जा करते हैं और भू-माफियाओं द्वारा इन जमीनों की खरीद-बिक्री की जाती है. यानी गोपालगंज जिले में अब तक जेडीयू के दो बाहुबली विधायकों के खिलाफ केस दर्ज हो चुका है.

You may have missed