माहासप्तमी को जयकारों के बीच खुले मां दुर्गा के पट, पूजा-पाठ करने को लोगों की जुटी भीड़

पटना। शारदीय नवरात्रि के सप्तमी को देवी के दर्शन के लिए पट खुल गए हैं। पटना में इस बार भी अलग-अलग थीम पर पंडाल बनाए गए हैं। डाक बंगला का पंडाल और प्रतिमा हर बार आकर्षण का केंद्र रहता है। करीब तीन घंटे तक पूजा के बाद डाकबंगला चौराहे पर माता का पट खुल गया है। अब भक्त लोग मां दुर्गा का दर्शन कर सकेंगे। पूरे पटना में सबसे पहले डाक बांग्ला चौराहा स्थित मां दुर्गा का पट खुलता है। इसके बाद पटना में अन्य जगहों पर पट खुलता है। पट खुलने के बाद लोगों में काफ़ी उत्साह है। मां दुर्गा के प्रति अलग तरह की आस्था देखने को मिल रही है। शाम को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार देवी के दर्शन करने के लिए आएंगे। वहीं, बोरिंग रोड चौराहा पर भी पट खुल गया है। यहां पर पंडाल के रूप में वृंदावन के प्रेम मंदिर को दिखाया गया है। इधर, गोलघर के पास केदारनाथ मंदिर के तर्ज पर बने पंडाल की खूबसूरती देखते ही बन रही है।
राजस्थान के सरस्वती मंदिर पर बना डाकबंगला चौराहा के पंडाल
डाकबंगला चौराहे पर दुर्गा पूजा में राजस्थान की प्रसिद्ध सरस्वती मंदिर पर आधारित पंडाल को बनाया गया है। यह पंडाल 80 फीट ऊंची और 55 फीट चौड़ी है। इसके निर्माण में सनपैक, बेल फल, आमरा, बैगमफल, झाउफल, महोगनी फल एवं कलर फुल फाइवर इत्यादि से बनाया गया है। इस बंगाल के कारीगरों ने बनाया है। वहीं, कोलकाता के आर्ट कॉलेज के कलाकार के द्वारा पंडाल के बाहर और अंदर डिजाइन किया गया है। डाक बंगला चौराहे पर मां की मूर्ति का निर्माण बनारस, हरिद्वार, ऋषिकेश और कोलकता के हुगली नदी के मिट्टी और जल से किया गया है। मां के साज का समान नौहटी (पं बंगाल) और बनारस से मंगवाया गया है। इसके साथ ही माँ दुर्गा के विभिन्न रूपों को छोटी कन्याओं के माध्यम से ब्रह्माकुमारी द्वारा राजकीय कन्या उच्च विद्यालय के पास दिखाया जा रहा है जो काफी मनमोहक होगी और धार्मिक संगीत का केन्द्र होगा। डाक बंगला चौराहे के पास दुर्गा पंडाल के अलावा अलग-अलग थीम पर लाइटों से सजावट की गई है। यहां कोलकाता का विक्टोरिया पैलेस, मथुरा का वृंदावन हाई टेंपल, लंदन का बिग बैंग टावर और क्लॉक टावर को दिखाया गया है। डाक बंगला चौराहे से लेकर कोतवाली थाना तक चार भव्य एलइडी गेट बनाए गए हैं, जिसकी ऊंचाई 57 फीट और चौड़ाई 35 फीट है।
बोरिंग रोड चौराहा पर प्रेम मंदिर की तर्ज पर बना पंडाल
बोरिंग रोड चौराहा पर वृंदावन के प्रेम मंदिर की तर्ज पर पूजा पंडाल बनाया गया है। पश्चिम बंगाल के मधुपुर जिले के कारीगरों ने इस पंडाल का निर्माण किया है। इस पंडाल का निर्माण साढ़े 3200 वर्ग फीट में किया गया है। इसकी ऊंचाई 65 फीट और चौड़ाई 50 फिट है। बोरिंग रोड चौराहा पूजा पंडाल समिति के अध्यक्ष उमेश सिंह चंद्रवंशी ने बताया कि मां दुर्गा की प्रतिमा के पीछे चंद्रमा के आकार का बैकग्राउंड बनाए है। नीचे में लक्ष्मी, सरस्वती का रूप बनाया गया है। प्रेम मंदिर के थीम पर पंडाल तैयार करने के लिए बांस के फ्रेम पर थर्मोकोल का इस्तेमाल किया गया है। पंडाल के चारों ओर लगभग 1 किलोमीटर में लाइट की व्यवस्था की गई है। अध्यक्ष ने बताया कि प्रतिमा, पंडाल और लाइटिंग सभी चीजों को लेकर लगभग 11 लाख रुपए का खर्च आया है। लाइट में 8, पंडाल में 7 और मूर्ति में 6 कारीगरों ने काम किया है। अध्यक्ष ने कहा कि इस साल 7 से 8 लाख श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ सकती है।

About Post Author

You may have missed