September 2, 2026

PATNA : धनरूआ में युवक का शव, हत्या की आशंका, दाहिने हाथ पर बना था राजू नाम का टैटू

मसौढ़ी। पटना के धनरूआ में पुलिस ने गुरुवार सुबह एक युवक का शव बरामद किया। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आनन-फानन में लोग शव की पहचान करने घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना धनरूआ थाने को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार धनरूआ थाना क्षेत्र के सिमरी गांव के नजदीक सड़क के किनारे गुरुवार की सुबह पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया है। आसपास के लोगों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या कर वहां शव को लाकर फेंक दिया गया है। लोगों ने शव को पहचानने की कोशिश की लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
धनरूआ थाना प्रभारी बीके सिंह ने बताया कि गुरुवार को लोगों से सूचना मिली कि सिमरी गांव के नजदीक एक युवक का शव पड़ा हुआ। मृतक के शरीर पर कई जगहों पर दाग लगे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि देर रात कहीं जा रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि मृतक के दाहिने हाथ पर राजू नाम का टैटू बना है। मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष के आसपास बताई गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

You may have missed