कुढ़नी में महागठबंधन की सभा में सीटीईटी अभ्यर्थियों का हंगामा, तेजस्वी, ललन और मांझी ने चुनाव प्रचार में दिखाया दम

मुजफ्फरपुर। कुढ़नी उपचुनाव को लेकर आज डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव महागठबंधन प्रत्याशी मनोज कुशवाहा के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे। तुर्की ब्लॉक परिसर में जनसभा का आयोजन किया गया है। हेलीकॉप्टर से डिप्टी सीएम के आने के साथ ही समर्थकों ने जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने लोगों से महागठबंधन के प्रत्याशी मनोज कुशवाहा को वोट देने की अपील की। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि वो 3 दिसंबर को सिंगापुर जाएंगे। 5 दिसंबर को उनके पिता और उनकी बहन का ऑपरेशन होना है। इसके लिए वहां जाएंगे। उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ वन पर्यावरण मंत्री तेजप्रताप यादव भी सिंगापुर जाएंगे।
सभा में सीटीईटी पास अभ्यर्थियों का हंगामा
अभ्यर्थियों ने कहा कि हमलोग चार साल से नौकरी के लिए इंतजार कर रहे हैं। कोई हमारी सुनने वाला हैं। हमारी मांग है कि बस विज्ञप्ति जारी किया जाए। हमलोग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव से यही मांग करते हैं की हमे नौकरी दी जाए। हमलोग सीटीईटी पास अभ्यर्थी हैं। चार वर्ष हो गए हैं। एक अभ्यर्थी ने कहा कि जब हम इस तरह अपनी मांग करते हैं तो कहा जाता है कि हमलोग भाजपा के लोग हैं। तो हमारे पास सर्टिफिकेट भी है। देख लिया जाए। अभ्यर्थियों को सुरक्षाकर्मियों ने समझाकर शांत कराया।
आज देश भारी संकट में हैं : ललन सिंह
जेडीयू राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि मनोज कुशवाहा दस साल तक यहां से विधायक रहे हैं। अगर उनसे जाने अंजाने गलती हुई तो माफ कर दें। आज देश भारी संकट में हैं। पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार महंगाई पर चर्चा नहीं करती है। उन्हें डर है कि अगर इसकी चर्चा हुई तो देश में उनका खाता भी नहीं खुलेगा। दिनभर धार्मिक उन्माद फैलाने का काम दिया जाता है। 2024 में देश को भाजपा मुक्त बनाना है। इसलिए ये महागठबंधन बना है।
कुढ़नी का चुनाव जीतेंगे तभी ये मुहिम आगे बढ़ेगा : मांझी
कार्यक्रम की शुरूआत में पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने कहा कि संविधान पर प्रहार किया जा रहा है। भाजपा के प्रत्याशी से पूछिए जो वादा नौकरी देने का किया था। क्या वो दिया गया है। आरक्षण के मुद्दे पर भी कहा कि कुढ़नी का चुनाव जीतेंगे तभी ये मुहिम आगे बढ़ेगा। भाजपा को गद्दी से हटाना है। भारत एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है। हमलोग आपसे गुजारिश करते हैं मनोज कुशवाहा को जीत दिलाएं। एक चिह्न है तीर छाप। एक एक वोट इसी छाप पर दें। इससे हमारा आरक्षण बचेगा। गरीबों का संविधान बचेगा। तेजस्वी यादव के साथ साथ पूर्व मुखमंत्री जीतनराम मांझी, जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी, मंत्री इसराइल मंसूरी, विधायक निरंजन राय, एमएलसी कारी सोहेब समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। जनसभा में तेजस्वी को देखने और उन्हें सुनने के लिए हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ी। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बता दें की पांच दिसंबर को कुढ़नी में उपचुनाव होना है।

About Post Author

You may have missed