कांग्रेस का बड़ा हमला : BJP ने सेवा विस्तार देकर नीतीश कुमार को बिहार का CM बनाया

पटना। बिहार कांग्रेस के मीडिया कमेटी के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से गृह विभाग संभल नहीं रहा है। उन्हें एनडीए में से ही किसी अन्य ऊर्जावान-नौजवान को बिहार का गृह मंत्री बना देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सीएम नीतीश सेवा विस्तार देकर अफसरों को सरकार में बनाए रखते हैं। उसी प्रकार भाजपा के द्वारा भी सेवा विस्तार देकर नीतीश कुमार को बिहार का सीएम बनाया गया है। जनता ने तो उन्हें पिछले विधानसभा चुनाव में ही रिटायर कर दिया था।
मधुबनी कांड को लेकर नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए राजेश राठौड़ ने कहा कि घटना के 9 दिन बाद मुख्यमंत्री इस नरसंहार पर बयान देते हैं। अभी तक मुख्य आरोपी गिरफ्तार भी नहीं किया गया है। बिहार में पुलिस इतनी कमजोर कैसे हो गई है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून के हाथ छोटे नहीं हुए हैं, बल्कि बिहार के मुख्यमंत्री का मन छोटा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हर मोर्चे पर फेल हो गए हैं। मगर भाजपा के द्वारा दिए गए सेवा विस्तार के बदौलत पद पर बने हुए हैं। जिस कारणवश बेहतर तरीके से कोई काम नहीं कर पा रहे हैं।

About Post Author

You may have missed