September 19, 2026

BJP में शामिल होने की होड़ : कई नेताओं, त्रिस्तरीय पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने ली सदस्यता

पटना। बिहार विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकार कोटे के चुनाव को लेकर गहमागहमी बढने के साथ नेताओं के बीच भाजपा में शामिल होने की होड़ मच गई है। इसी क्रम में लगातार दूसरे यानी मंगलवार को भी कई नेताओं, त्रिस्तरीय पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इससे पहले सोमवार को कई नेताओं ने भाजपा का दामन थामा था।
मंगलवार को भाजपा की सदस्यता लेने वालों में प्रमुख रूप से औरंगाबाद स्थानीय प्राधिकार क्षेत्र के भावी प्रत्याशी और औरंगाबाद के प्रखंड प्रमुख दिलीप सिंह ने अपने समर्थकों के भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। दिलीप सिंह को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल और महामंत्री संजीव चौरसिया ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर प्रदेश मुख्यालय प्रभारी सुरेश रूंगटा और उपाध्यक्ष राजीव रंजन के अलावा कई प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित थे।
प्रदेश अध्यक्ष ने मिलन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा पार्टी ही नहीं एक परिवार है। इसमें आने वाले आते तो हैं लेकिन फिर परिवार छोड़कर जाते नहीं है। उन्होंने दिलीप सिंह के भाजपा परिवार में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों से दिलीप सिंह अपने सामाजिक कार्यों और दायित्वों को निभाते हुए वर्तमान में औरंगाबाद के प्रखंड प्रमुख के पद पर हैं। जायसवाल ने उम्मीद जताते हुए कहा कि दिलीप सिंह के भाजपा में आने से पार्टी मजबूत होगी।

You may have missed