प्रदेश में तेजी से तापमान गिरने से राज्य के 7 जिलों में बढ़ी ठंड, अगले दो दिनों में चलेंगी तेज हवाएं

पटना। बिहार में अब ठंड का असर धीरे-धीरे तेज होने लगा है। अहले सुबह और रात का पारा अब तेजी से लुढ़कने लगा है। पछुआ हवा ने कनकनी भी बढ़ाई है। लोग रजाइ और कंबल के अंदर ही अब रात में दुबककर सोने लगे हैं। वहीं शुक्रवार देर रात को प्रदेश का सबसे अधिक ठंड वाला जिला गया रहा। जहां का तापमान 8.2 डिग्री रहा। 10 के नीचे केवल गया का ही न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं कुल सात जिलों के पारे में गिरावट दर्ज की गयी। वहीं मौसम विभाग के द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान में बताया गया है कि आने वाले 2 से 3 दिनों में राज्य में तेज हवाएं चलनी शुरू होंगी जिसके बाद ठंड का प्रकोप और भी अधिक दिखाई देने लगेगा।
न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट, गया में सबसे अधिक ठंड
बिहार में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट जारी है। दरअसल, पर्वतीय प्रदेशों से आ रही ठंड और शुष्क हवा के कारण पारा में ये गिरावट देखी जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटे के अंदर तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। वही शुक्रवार को गया सबसे अधिक सर्द रहा। इससे पहले भागलपुर का सबौर सबसे ठंडा क्षेत्र बना था। गया का तापमान 8.2 डिग्री रहा। शुक्रवार सुबह ही पारा यहां दो डिग्री नीचे गिरा।
पछुआ हवा के कारण बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अभी प्रदेश में पछुआ हवा का प्रवाह जारी रहेगा। इस वजह से अगले 5 दिनों तक मौसम शुष्क ही बना रहेगा। वहीं एक हफ्ते बाद से प्रदेश में कोहरे का कहर बढ़ सकता है। रेलवे की ओर से भी एहतियातन कई ट्रेनों को रद्द किया गया है जबकि कई ट्रेनों के फेरे घटाए गये हैं। वही पटना समेत अंगप्रदेश व सीमांचल क्षेत्र में ठंड का असर बढ़ता-घटता रहा है। भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, सहरसा के अलावे औरंगाबाद, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, बेगूसराय, खगड़िया के भी न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई।

About Post Author

You may have missed