सीएम नीतीश ने पूर्व मंत्री मेवालाल चौधरी, पूर्व विधायक जनार्दन मांझी और विशुनदेव सिंह को दी श्रद्धांजलि

विशुनदेव सिंह के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामाजिक कार्यकर्ता स्व. विशुनदेव सिंह के बख्तियारपुर के महम्मदपुर गांव पहुंचकर उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धांजलि दी। ज्ञात हो कि स्व. विशुनदेव सिंह का निधन 15 मई 2021 को हो गया था। मुख्यमंत्री ने उनकी धर्मपत्नी कृष्णा देवी, पुत्र दिवेश कुमार, सर्वेश कुमार एवं कमलेश कुमार सहित अन्य परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना भी दी। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी एवं जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक जनार्दन मांझी को दी श्रद्धांजलि


मुख्यमंत्री ने बांका जिले के बौंसी प्रखंड के सिंघेश्वरी गांव पहुंचकर पूर्व विधायक स्व. जनार्दन मांझी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना भी दी।
बता दें जनार्दन मांझी का निधन बीते 20 जुलाई को हो गया था। स्व. जनार्दन मांझी लगातार 15 वर्षों तक विधायक रहे थे। स्व. जनार्दन मांझी बांका जिले के बेलहर विधानसभा क्षेत्र से एक बार एवं अमरपुर विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे थे।
पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. जनार्दन मांझी हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता थे। हमसे उनका बहुत ही पुराना संबंध था। उनके अचानक चले जाने से हमलोगों को काफी तकलीफ हुई। तबीयत खराब होने के समय भी हमने उनसे बात की थी। हम इनके घर पर हमेशा आते रहे हैं। पिछले डेढ़ साल से कोरोना के कारण कहीं आना-जाना प्रतिबंधित था। आज हमने यहां आकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। उनके प्रति हमारी श्रद्धा सब दिन कायम रहेगी।
इस मौके पर शिक्षा मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, स्व. जनार्दन मांझी के पुत्र एवं ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज, सांसद गिरधारी यादव एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

पूर्व शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी को दी श्रद्धांजलि


वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुंगेर जिले के तारापुर प्रखंड अन्तर्गत कवंरगावां गांव पहुंचकर पूर्व शिक्षा मंत्री एवं तारापुर के पूर्व विधायक स्व. मेवालाल चौधरी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने स्व. मेवालाल चौधरी की धर्मपत्नी एवं पूर्व विधायक स्व. नीता चौधरी के तैलचित्र पर भी पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने स्व. मेवालाल चौधरी के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना भी दी। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

About Post Author

You may have missed