मुख्यमंत्री ने राजगीर में जरासंध महोत्सव का किया उद्घाटन, ‘देश का पीएम कैसा हो, सीएम नीतीश जैसा हो’ के लगे नारे

नालंदा/पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को राजगीर पहुंचे। जहां उन्होंने पहली बार राजगीर में आयोजित जरासंध महोत्सव का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन को लेकर राजगीर के चप्पे चप्पे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजगीर पहुंचते ही जदयू कार्यकर्ताओं एवं चंद्रवंशी समाज के लोगों ने भव्य स्वागत किया। चंद्रवंशी समाज के लोगों के द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पारंपरिक गदा भेंट कर स्वागत किया। कला संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार सरकार के द्वारा मगध सम्राट जरासंध महाराज के 5226 वे जन्मोत्सव के अवसर पर राजगीर में जरासंध महोत्सव का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उद्घाटन करने के तुरंत बाद ही पटना की ओर रवाना हो गए। इस दौरान मंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार, मंत्री जितेंद्र राय, नालंदा से जदयू के सांसद कौशलेंद्र कुमार और एमएलसी रीना यादव के अलावे डीएम और एसपी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
‘देश का पीएम कैसा हो, सीएम नीतीश जैसा हो’ के लगे नारे
देश का नेता कैसा हो…नीतीश कुमार जैसा हो- जब भी इस तरह की नारेबाजी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने होती है, वह इसे रोकते दिखे हैं। 23 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ पटना में देशभर के भाजपा-विरोधी दलों की बैठक बुलाने के पहले सीएम ने बाकायदा इसपर रोक लगा दी गई थी। लेकिन, अब वह ऐसी नारेबाजी की गूंज को या तो नजरअंदाज कर रहे हैं या रोक नहीं रहे हैं। गुरुवार को गृह जिला नालंदा के राजगीर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जरासंध के अखाड़ा में थे। उन्हें गदा भेंट की गई। सीएम के गदा उठाने से पहले भी और इसके बाद भी ऐसी नारेबाजी होती रही। उन्होंने यहां कोई बात नहीं की, लेकिन किसी को ऐसी नारेबाजी से मना भी नहीं किया। अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल राजगीर के ऐतिहासिक व पवित्र पावन भूमि पर मगध सम्राट जरासंध की स्मृति स्थल पर गुरुवार को जरासंध महोत्सव का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सड़क मार्ग से राजगीर पहुंचे। मगध साम्राज्य की राजधानी राजगीर में पहली बार राज्य सरकार के द्वारा जरासंध महोत्सव का आयोजन कला संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा किया गया है। 5226 वें जन्मोत्सव के अवसर पर एकदिवसीय जरासंध महोत्सव का आयोजन किया गया।
पीपल वृक्ष के नीचे एक छोटा मंच बनाया गया
नीतीश कुमार द्वारा मगध सम्राट जरासंध की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। माल्यार्पण बाद उनके द्वारा परंपरागत ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर आयोजकों के द्वारा मुख्यमंत्री को सम्राट जरासंध की प्रतिमा और गदा भेंट किया गया। राजगीर में बनाये जा रहे जरासंध उद्यान व स्मारक का मुआयना मुख्यमंत्री के द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री के आगमन पर राजगीर में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। समारोह स्थल और निर्माणाधीन जरासंध स्मारक स्थल पर सुरक्षा की व्यापक प्रबंध थे। महोत्सव कार्यक्रम के लिए जरासंध मंदिर के सामने पीपल वृक्ष के नीचे एक छोटा मंच बनाया गया है। मंच के सामने दर्शकों को बैठने के लिए पंडाल बनाया गया है।

 

About Post Author

You may have missed