CM नीतीश ने वाल्मीकिनगर गंडक बराज का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

मुख्यमंत्री ने गंडक बराज संचालन कार्य को तत्परतापूर्वक कराने का दिया निर्देश
स्थानीय स्तर पर निर्मित पेवर ब्लॉक की प्रदर्शनी का किया अवलोकन


पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को बाढ़ से प्रभावित गंडक बराज, वाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण का निरीक्षण किया। गंडक नदी पर बने पिपरा-पिपरासी तटबंध का हवाई सर्वेक्षण किया। यह तटबंध उत्तर प्रदेश एवं बिहार की सीमा पर निर्मित है। सीएम नीतीश ने पीपरा-पिपरासी तटबंध के 32.38 से 32.56 किलोमीटर के बीच क्षतिग्रस्त बोल्डर स्टड संरचनाओं के पुनर्स्थापन कार्य का हवाई सर्वेक्षण किया। साथ ही बगहा शहर सुरक्षात्मक कार्य का भी हवाई सर्वेक्षण किया।


निरीक्षण के क्रम में सीएम नीतीश ने बराज के संचालन से संबंधित विस्तृत जानकारी वहां उपस्थित वरीय अधिकारियों से लेते हुए बराज संचालन कार्य को तत्परतापूर्वक कराने का निर्देश दिया। उन्होंने गंडक बराज के 1 से लेकर 18 फाटकों का गहन निरीक्षण किया तथा फाटकों के संचालन से संबंधित जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बराज के निरीक्षण के पश्चात गंडक बराज के कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया तथा गंडक बराज से विगत दिनों में डिस्चार्ज किए गए पानी की भी जानकारी ली। सीएम नीतीश ने सावधानीपूर्वक कार्यों का निष्पादन करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। मुख्यमंत्री ने कंट्रोल रूम परिसर में स्थानीय स्तर पर निर्मित पेवर ब्लॉक की लगायी गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उच्च गुणवत्तापूर्ण पेवर ब्लॉक की मुख्यमंत्री ने सराहना करते हुए उपस्थित कामगारों की हौसला आफजायी की।


सीएम नीतीश पेवर ब्लॉक का निर्माण करने वाले कामगारों से बातचीत के क्रम में कहा कि राज्य सरकार द्वारा लॉकडाउन के दौरान वापस लौटे व्यक्तियों को उनके घर के पास ही रोजगार मुहैया कराने हेतु हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं ताकि उन्हें किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े तथा उनका जीविकोपार्जन हो सके। पश्चिम चम्पारण के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि लॉकडाउन के दौरान वापस लौटे कामगारों, श्रमिकों को उनके हुनर के अनुसार रोजगार मुहैया कराया जा रहा है। कई श्रमिकों को स्वरोजगार मुहैया कराकर उन्हें उद्यमी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि वापस लौटे श्रमिकों एवं कामगारों को रोजगार उपलब्ध कराने का कार्य युद्धस्तर पर लगातार जारी है।


निरीक्षण के दौरान विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह, विधान पार्षद भीष्म सहनी, जदयू जिलाध्यक्ष सह पूर्व सांसद कैलाश बैठा, मुख्य सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस, आयुक्त तिरहुत प्रमंडल पंकज कुमार, पश्चिम चंपारण के डीएम, बगहा के पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

About Post Author

You may have missed