कर्नाटक के यादगीर में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प; इलाके में 144 लागू, 18 गिरफ्तार

बेंगलुरु। कर्नाटक के यादगीर में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई है। झड़प के बाद इलाके में धारा 144 लगा दी गई है। वहीं, पुलिस ने चार आरोपियों को खिलाफ केस दर्ज किया है। इसके अलावा 18 संदिग्धों को हिरासत में भी लिया गया है। यादगीर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ सीबी वेद मूर्ति ने शुक्रवार को कहा कि स्थिति पर काबू पा लिया गया है। इलाके में फिलहाल शांति है। उन्होंने बताया कि केएसआरपी के तीन प्लाटून, एक अर्धसैनिक बल कंपनी, दो डीएसपी, 100 पुलिस कांस्टेबल, पांच सर्कल पुलिस इंस्पेक्टर और पीएसआई को तैनात किया गया है।” उन्होंने बताया कि एहतियात के लिए सुरपुरा में 8 अप्रैल तक कर्फ्यू के आदेश दिए गए हैं। हिंसा में 120 लोगों की संलिप्तता पाई गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। बताया जा रहा हैं की कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके। कुछ हथियारों का भी जानबूझकर इस्तेमाल करने की बात कही गई। इसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर किया।

इससे पहले 18 मार्च को भी कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं में राजधानी बेंगलुरु में एक बैनर लगाने को लेकर जमकर बवाल हुआ था। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं की हिंसक झड़प में एक-दूसरे पर पथराव किया गया और जमकर लाठी-डंडों से हमला किया गया। इस झड़प में भी दोनों पक्षों के कई लोगों को गंभीर चोटें आईं थीं। पुलिस ने इस बारे में 3 एफआईआर दर्ज की थी। बताया गया कि ये वाकया बैनर लगाए जाने को लेकर हुआ था। बेंगलुरु के गोविंदराजनगर निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के पोस्टरों पर कथित रूप से आपत्ति जताई थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजीएस स्थल पर महिला सम्मेलन से संबंधित एक सभा के लिए ये बैनर लगाए थे। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और लाठी चार्ज करना पड़ा था।

About Post Author

You may have missed