समाज सुधार अभियान में बोले उपमुख्यमंत्री, बढ़ते बिहार-बदलते बिहार के वाहक बनेंगे सीमांचलवासी

पटना। पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में आयोजित समाज सुधार अभियान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार के उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि बिहार के लोकप्रिय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का गौरव और गरिमा पुनर्स्थापित हुई है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में बिहार की वैश्विक पहचान बनी है। उन्होंने कहा कि विकास के प्रत्येक पैमाने पर बिहार ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज की है। किसी भी समाज के समग्र विकास में उसकी समृद्ध सामाजिक स्थिति एक बहुत बड़ा अवयव है। इसे शिद्दत से महसूस करते हुए मुख्यमंत्री जी ने बाल-विवाह एवं दहेज-प्रथा उन्मूलन जैसी कुरीतियों को जड़-मूल से खत्म करने तथा शराबबंदी को राज्य में कारगर तरीके से लागू करने की दिशा में संकल्पित समाज सुधार अभियान को शुरू किया है। इस संकल्प को हमें पूरा करना है।
उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के मुताबिक 20 से 39 वर्ष आयु वर्ग के 13.5 प्रतिशत लोगों की मृत्यु शराब के सेवन से हो जाती है। इसके अलावा इससे कई घातक बीमारियां भी होती हैं, जिससे आर्थिक और सामाजिक स्थिति कमजोर होती है। उन्होंने कहा कि उसी प्रकार, दहेज-प्रथा और बाल-विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियां बच्चियों और महिलाओं को बराबरी का अवसर प्रदान करने में बाधक बनती है, वहीं दूसरी ओर इससे उनकी मानसिक स्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने कहा कि समाज सुधार अभियान को जन-भागीदारी का स्वरूप देने में जीविका ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इससे न केवल समाज के जरूरतमंद लोगों के आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है, बल्कि इससे सामाजिक पक्ष भी मजबूत हुआ है। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि हमें संपूर्ण जन-भागीदारी के साथ समाज सुधार अभियान को सफल बनाने में अपना संकल्पित प्रयास जारी रखना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मंत्री प्रमोद कुमार, सुनील कुमार, आलोक रंजन झा के अलावा मुख्य सचिव मो. आमिर सुबहानी, डीजीपी एसके सिंघल, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव चैतन्य प्रसाद, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रमुख सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण के प्रधान सचिव विनय कुमार, किशनगंज के प्रभारी सचिव देवेश सेहरा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए।
इस मौके पर कटिहार के सांसद दुलाल चंद्र गोस्वामी, विधायक विजय सिंह, निशा सिंह, कविता देवी, जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बाला मुरुगन डी., पूर्णिया के प्रमंडलीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, पूर्णिया प्रमंडल के सभी जिलों के जिला पदाधिकारी, एसपी एवं भारी संख्या में जीविका की दीदियां एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

About Post Author

You may have missed