PATNA : आरसीपी सिंह से राज्यसभा टिकट के बाद अब बंगला भी छीना

पटना। केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह को गुरुवार को एक और बड़ा झटका मिया है। पटना के जिस बंगले में वे लंबी अवधि से रह रहे थे, उसे अब मुख्य सचिव के नाम से कर्णांकित कर दिया गया है। स्ट्रैंड रोड में स्थित मंत्री पूल का यह बंगला जदयू विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ संजय गांधी के नाम से आवंटित था। अब उन्हें नया बंगला आवंटित कर दिया गया है। बता दें हाल ही में जदयू ने आरसीपी सिंह को राज्यसभा टिकट नहीं दिया था। आरसीपी के बदले झारखंड में पार्टी के अध्यक्ष खीरू महतो पर भरोसा जताया गया। खीरू अब राज्यसभा सदस्य हो गए हैं। आरसीपी का कार्यकाल जुलाई तक है। इसके बाद क्या होगा? इस पर राजनीतिक गलियारे में चर्चा का दौर जारी है।
भवन निर्माण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को विधान पार्षद संजय कुमार सिंह के बंगले को मुख्य सचिव के नाम से कर्णांकित किए जाने की अधिसूचना जारी हो गई। जिस वक्त आरसीपी सिंह को राज्यसभा नहीं भेजे जाने का निर्णय जदयू ने लिया था, उसी समय से यह अंदेशा लगाया जा रहा था कि केंद्रीय इस्पात मंत्री को स्ट्रैंड रोड (7 नंबर) का बड़ा बंगला खाली करना पड़ेगा। आखिरकार मंत्रियों के आवासीय इलाके में अब आरसीपी सिंह का ठिकाना नहीं रहेगा। पिछले 12 वर्षों से आरसीपी सिंह इस बंगले में रह रहे थे।
बता दें आरसीपी सिंह जिस बंगले में रह रहे थे वह स्ट्रैंड रोड के बड़े बंगले में शुमार है। एक समय पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव के रूप में आरके सिंह वहां रहते थे। आरके सिंह के दिल्ली चले जाने के बाद इस बंगले को नए सिरे से विकसित किया गया।

About Post Author

You may have missed