September 19, 2026

बिहार में लगेगा लॉकडाउन, फैसला रविवार को; सर्वदलीय बैठक में सभी दलों के प्रतिनिधियों ने लिया भाग

पटना। बिहार में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को लेकर शनिवार को राज्यपाल फागू चौहान की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक हुई। राजभवन सचिवालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से आयोजित बैठक में सीएम नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत सभी दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अहम बैठक में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों और उससे निपटने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। रविवार को इस मसले पर राज्य सरकार द्वारा बड़ा फैसला लेने की संभावना है।
बैठक में सीएम नीतीश ने कहा कि राज्य में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों पर नजर है। राज्य सरकार दवाई और आॅक्सीजन की उपलब्धता को लेकर सजग है। ज्यादा से ज्यादा वैक्सीनेशन की कोशिश जारी है। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक करना होगा। किसी भी तरह के आयोजनों में कम से कम लोग शामिल हों और कोरोना गाइडलाइंस को जरूर फॉलो करें। सीएम नीतीश कुमार ने बताया कि मेदांता को डेडिकेटेड कोविड अस्पताल बनाने के लिए उसके मैनेजमेंट से बात की गई है। बैठक में मिले सुझावों पर आपदा प्रबंधन समूह विचार करेगा और आगे की रणनीति पर फैसला लेगा। सीएम नीतीश ने बताया कि रविवार को सभी डीएम और एसपी के साथ बैठक होगी। इसमें मिले सुझावों और जानकारियों के आधार पर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। सीएम नीतीश कुमार ने जिक्र किया कि रविवार को होने वाली बैठक के बाद मीडिया को जानकारी दी जाएगी।

You may have missed