भीषण गर्मी से तप रहा बिहार, कई जिलों में पारा 43 डिग्री के करीब

  • दक्षिण और मध्य बिहार में लू जैसे हालात, अगले तीन दिनों में और बढ़ेगा तापमान
  • सीमांचल में बारिश से राहत, मौसम विभाग ने हीट वेव की चेतावनी दी

पटना। बिहार इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है, जहां राज्य के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को राज्य के नौ जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया, जबकि चार जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। रोहतास जिला 43 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। इसके अलावा कैमूर में 42.9 डिग्री, गया में 42.8 डिग्री और बक्सर में 42.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इन जिलों में लू जैसे हालात बने हुए हैं, जिससे जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा है। अन्य जिलों की बात करें तो औरंगाबाद में तापमान 41.8 डिग्री, नालंदा में 41.5 डिग्री और शेखपुरा में 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना, छपरा और आरा जैसे जिलों में भी तापमान 39 से 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है। बढ़ती गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों में रहने को मजबूर नजर आए। गया में चिलचिलाती धूप के बीच यातायात पुलिसकर्मी कड़ी मेहनत से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते दिखे। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। विशेषकर दक्षिण और मध्य बिहार के जिलों में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। गया, औरंगाबाद, कैमूर, बक्सर और रोहतास जैसे जिलों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। यदि तापमान में इसी तरह वृद्धि जारी रही, तो जल्द ही लू यानी हीट वेव जैसी स्थिति बन सकती है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ने की आशंका है। हालांकि राज्य के सीमांचल क्षेत्र में मौसम का मिजाज कुछ अलग नजर आ रहा है। अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधुबनी, सुपौल और मधेपुरा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे वहां के तापमान में गिरावट आई और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा। सुपौल के राघोपुर में 25.2 मिलीमीटर, कटिहार के बारसोई में 24.6 मिलीमीटर, सुपौल के किशनपुर में 22.2 मिलीमीटर और प्रतापगंज व मधुबनी के लौकही में 19.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार राज्य में मौसम दो हिस्सों में बंटा हुआ दिखाई दे रहा है। एक ओर दक्षिण बिहार में तेज गर्मी और लू जैसे हालात हैं, वहीं दूसरी ओर सीमांचल क्षेत्र में बारिश के कारण राहत का माहौल है। मौसम विभाग ने बताया कि बिहार में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं, जिसके चलते कहीं तेज गर्मी तो कहीं बारिश का असर देखने को मिल रहा है। पटना के मौसम की बात करें तो अगले कुछ दिनों तक यहां तेज धूप और गर्म हवाएं चलने की संभावना है। दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है, जिससे अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं रात के तापमान में भी ज्यादा गिरावट नहीं होगी, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और गया जैसे जिलों में अगले तीन से चार दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान है। इन इलाकों में सामान्य से अधिक गर्मी महसूस की जाएगी, जिससे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। नालंदा में सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहने का अनुमान है। हवा की रफ्तार लगभग 5 किलोमीटर प्रति घंटा है, जबकि वर्तमान तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को इस भीषण गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि लोग दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और सिर को ढककर रखें। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। बिहार में बढ़ती गर्मी और बदलते मौसम के कारण लोगों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक उपाय अपनाने की अपील की है, ताकि इस भीषण गर्मी के प्रभाव को कम किया जा सके।

You may have missed