बिहार बेसबॉल एसोसिएशन के सचिव की कोरोना से मौत, दौड़ी शोक की लहर

पटना। राज कुमार वर्मा जिन्हें प्यार से लोग निप्पू के नाम से जानते थे। वे 1980 से 1991 तक कमला नेहरू क्रिकेट क्लब के लिए खेलते रहे। वर्तमान में वे बिहार बेसबॉल एसोसिएशन के सेक्रेटेरी थे। बीते मंगलवार को कोरोना से राज कुमार वर्मा की मौत हो गई। स्व. वर्मा व्यवहार कुशल, सदा दूसरों को मदद करने में सबसे रहने वाले इंसान थे और बहुत सारे लोगों एवं क्रिकेटरों के करीब थे। वे अपने पीछे पत्नी एवं पुत्र को छोड़ गए। स्व. वर्मा 3 अप्रैल को एंटिजेन टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए थे और 8 को उन्हें आॅक्सीजन लेवल कम होने के कारण अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था। 13 अप्रैल की रात उनके निधन की खबर सामने आयी।
उन्हें जानने वाले बताते हैं कि निप्पू बैटिंग एवं आॅफ स्पिन करते थे। उसके बाद 1991-92 में बिहार स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड में नौकरी मिलने के बाद बोर्ड के लिए खेलना शुरू किए। वर्तमान में वे बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड में कार्यरत थे। निप्पू पटना डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के एक्जिक्यूटिव मेम्बर 2008 से 2017 तक रहे। वहीं बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के असिस्टेंट सेके्रटेरी भी 2010 से 2015 तक रहे। 2016 से अब तक वे बिहार बेसबॉल एसोसिएशन के सेक्रेटेरी थे।
इनके आकस्मिक निधन पर पटना जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रणवीर, उपाध्यक्ष चंद्रशेखर, सचिव अजय नारायण शर्मा, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार, संयुक्त सचिव अरुण कुमार सिंह, संयुक्त सचिव भारतीय बेसबॉल संघ मधु शर्मा, लीग कमिटी के सदस्य रूपक कुमार, पूर्व रणजी खिलाड़ी पवन कुमार सिंह, बीसीसीआई स्कोरर अभिनव कुमार और रेहेन दास गुप्ता ने श्रद्धांजलि दी है।

You may have missed